- SHARE
-
जयपुर। नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने एक बार फिर से सीएम भजनलाल शर्मा को निशाने पर लिया है। अब उन्होंने बिजली विभाग में मेंटीनेंस के नाम पर हर साल हो रहे खर्च को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
आरएलपी प्रमुख हनुमान बेनीवाल ने एक्स के माध्यम से कहा कि राजस्थान के बिजली विभाग में मेंटीनेंस के नाम पर हर साल करोड़ों रुपए खर्च कर दिए जाते हैं लेकिन जमीन पर हकीकत यह है कि जर्जर बिजली लाइनें, झूलते तार, बिजली लाइन टूटने और रखरखाव में घोर लापरवाही के कारण निर्दोष लोगों की मौतें हो रही है। हर हादसे के बाद जांच और खानापूर्ति होती है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों पर कोई कठोर कार्रवाई नहीं होती। हाल के दिनों में राज्य में बिजली से जुड़े कई घातक हादसे इस गंभीर प्रशासनिक विफलता की ओर इशारा करते हैं। क्या राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ये बताएंगे कि मेंटीनेंस पर खर्च किए गए करोड़ों रुपए का सोशल ऑडिट कब होगा?
जिन अधिकारियों की लापरवाही से निर्दोष नागरिकों और बिजली कर्मियों की जान जा रही है, उनके खिलाफ हत्या जैसी गंभीर धाराओं में कार्रवाई क्यों नहीं हो रही? राजस्थान में बढ़ते विद्युत हादसे चिंता का विषय है।
राजस्थान सरकार के उच्च अधिकारियों से की बात
उन्होंने एक अन्य पोस्ट के माध्यम से कहा कि चूरू जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में नागौर संसदीय क्षेत्र के डीडवाना-कुचामन जिले के डाब गांव निवासी व राजकीय डीबीएच अस्पताल चूरू में विद्युत का कार्य करने वाले ठेकेदार के कर्मचारी ओमप्रकाश नायक की करंट लगने से दुःखद मृत्यु हो गई, मैंने मामले को लेकर राजस्थान सरकार के उच्च अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता करके मौके पर आंदोलित दिवंगत के परिजनों व ग्रामीणों से वार्ता कर आर्थिक मदद करवाने व मामले की जांच करवाने को कहा है।
PC: ianslive
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें