- SHARE
-
जयपुर। कोटा स्थित न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में प्रसूताओं की मौत एवं स्वास्थ्य बिगड़ने के प्रकरण को लेकर भजनलाल सरकार ने बड़ा कदम उठा लया है। सीएम भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार पूरे मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच कराई जा रही है तथा दोषियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी दिशा में अब भजनलाल सरकार ने दो चिकित्सकों और दो नर्सिंगकर्मियों को और निलंबित कर दिया है तथा जेके लोन अस्पताल तथा न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल के अधीक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
इन्हें कर दिया गया है निलंबित
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य तथा चिकित्सा शिक्षा विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने इस बात की जानकारी दी है। उन्होंने प्रकरण के विभिन्न पहलुओं पर समीक्षा की। इसके बाद इलाज एवं पर्यवेक्षणीय लापरवाही सामने आने पर स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग, न्यू मेडिकल कॉलेज कोटा के आचार्य डॉ. बद्रीलाल तथा सह आचार्य डॉ. खुशबू मीणा को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। इसके अतिरिक्त जेके लोन अस्पताल की नर्सिंग अधिकारी पिंकी खींची एवं न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल की नर्सिंग अधिकारी मीनाक्षी मीणा को भी तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।
इन्हें दिया गया है कारण बताओ नोटिस
प्रकरण में प्रशासनिक एवं पर्यवेक्षणीय जिम्मेदारी को निभाने में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए जेके लोन अस्पताल की अधीक्षक डॉ. निर्मला शर्मा एवं न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल कोटा के अधीक्षक डॉ. आशुतोष शर्मा को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। नोटिस का जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने पर उनके विरुद्ध भी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
PC: dipr.rajasthan
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें