खोह नागोरियान की दर्दनाक घटना ने राजस्थान की कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक भ्रष्टाचार की पोल खोल दी: Beniwal

Hanuman | Wednesday, 10 Jun 2026 02:26:36 PM
The harrowing incident at Khoh Nagorian has exposed the state of law and order and administrative corruption in Rajasthan: Beniwal

जयपुर। नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने प्रदेश सरकार से जयपुर के खोह नागोरियान की दर्दनाक घटना की उच्चस्तरीय जांच करवाने की मांग की है। उन्होंने इस संबंध में एक्स के माध्यम से कहा कि जयपुर के खोह नागोरियान की दर्दनाक घटना ने राजस्थान की कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक भ्रष्टाचार की पोल खोल दी है।

थाने के पीछे महीनों से अवैध पटाखा फैक्ट्री चलती रही, लेकिन प्रशासन और पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी या फिर जानबूझकर आंखें मूंदे रखी गईं? 8 लोगों की जिंदा जलकर मौत कोई सामान्य हादसा नहीं, बल्कि भ्रष्टाचार, लापरवाही और संरक्षण की राजनीति का परिणाम है।

आरएलपी सांसद बेनीवाल ने कहा कि जब अवैध कारोबार पुलिस थाने के पीछे फल-फूल रहा था, तब जिम्मेदार अधिकारी क्या कर रहे थे? आखिर किसके संरक्षण में यह मौत का कारोबार चल रहा था?

मैं राजस्थान सरकार से मांग करता हूं कि इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, दोषी अधिकारियों और संरक्षण देने वालों पर हत्या का मुकदमा दर्ज हो तथा मृतकों के परिजनों को उचित आर्थिक पैकेज दिया जाए। इस पूरे मामले में जयपुर पुलिस कमिश्नरेट और सरकार के इंटेलिजेंस का बड़ा फैलियर है और जनता जानना चाहती है कि 11 महीनों से चल रही अवैध फैक्ट्री पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई।

राजस्थान सरकार की प्रशासनिक विफलता और भ्रष्टाचार अब लोगों की जान लेने लगा है
उन्होंने कहा कि संबंधित डीसीपी व एसएचओ सहित अन्य जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करके उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई सरकार को करके एक संदेश देना चाहिए। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को यह समझना चाहिए कि राजस्थान सरकार की प्रशासनिक विफलता और भ्रष्टाचार अब लोगों की जान लेने लगा है और यह हादसा इसका बड़ा उदाहरण है।

PC: bhaskar
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें



 


ताज़ा खबर

Copyright @ 2026 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.