- SHARE
-
अगर आप गाड़ी चलाते समय ट्रैफिक नियमों को हल्के में लेते हैं तो अब सावधान हो जाइए। ट्रैफिक नियमों में बड़ा बदलाव हुआ है, जो 1 मार्च 2025 से लागू हो चुका है। अब जुर्माने की राशि 10 गुना बढ़ा दी गई है। नोएडा में शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों पर 10,000 रुपये का जुर्माना और 6 महीने की जेल का प्रावधान किया गया है।
सख्त ट्रैफिक नियम लागू
भारत सरकार ने सड़कों पर नियमों का पालन करने के लिए कड़े नियम बनाए हैं। जो लोग इन नियमों का पालन नहीं करेंगे, उन्हें भारी जुर्माना भरना पड़ेगा। देश में हर साल लाखों लोगों को ट्रैफिक उल्लंघन पर करोड़ों रुपये का जुर्माना भरना पड़ता है। अब सरकार ने ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है।
भारत को दुनिया में सबसे अधिक सड़क दुर्घटनाओं वाला देश माना जाता है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बताया कि वर्ष 2023 में देश में 4.80 लाख से अधिक सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 1.72 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हुई।
शराब पीकर गाड़ी चलाने पर कड़ी सजा
अगर आप शराब पीकर गाड़ी चला रहे हैं, तो अब सिर्फ मामूली जुर्माना भरकर बचना संभव नहीं होगा। नए नियमों के अनुसार, पहली बार पकड़े जाने पर 10,000 रुपये जुर्माना और 6 महीने की जेल हो सकती है। अगर दूसरी बार वही गलती दोहराई, तो 15,000 रुपये जुर्माना और 2 साल तक की जेल की सजा होगी। पहले यह जुर्माना केवल 1,000 से 1,500 रुपये तक था।
बिना हेलमेट और सीट बेल्ट पर सख्ती
-
बाइक चलाने वालों के लिए: बिना हेलमेट के बाइक चलाने पर 1,000 रुपये का जुर्माना और लाइसेंस तीन महीने के लिए सस्पेंड कर दिया जाएगा।
-
कार चालकों के लिए: कार में बिना सीट बेल्ट के सफर करने पर 1,000 रुपये का जुर्माना देना होगा।
-
मोबाइल फोन का इस्तेमाल: गाड़ी चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग करने पर अब 5,000 रुपये का जुर्माना लगेगा, जो पहले 500 रुपये था।
बिना इंश्योरेंस गाड़ी चलाने पर भारी जुर्माना
-
बिना इंश्योरेंस के वाहन चलाने पर 2,000 रुपये का जुर्माना।
-
यदि बार-बार इंश्योरेंस उल्लंघन किया गया, तो 4,000 रुपये का जुर्माना।
-
बिना ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाने पर 5,000 रुपये का जुर्माना।
नए नियमों का पालन करना जरूरी
नए नियमों को ध्यान में रखते हुए वाहन चलाना बहुत जरूरी हो गया है। अगर आप ट्रैफिक नियमों का पालन नहीं करते हैं, तो आपको न केवल भारी जुर्माना देना पड़ेगा, बल्कि आपका लाइसेंस भी सस्पेंड हो सकता है। इसलिए सुरक्षित और नियमों का पालन करते हुए ड्राइविंग करें।