- SHARE
-
इंटरनेट डेस्क। कर्नाटक कांग्रेस में सीएम पद को लेकर जारी सियासी घमासान थमने का नाम नहीं ले रहा है। मुख्यमंत्री सिद्दारमैया के करीबी कांग्रेस विधायकों के एक ग्रुप की बुधवार रात बेलगावी में डिनर पर हुई मुलाकात के बाद कर्नाटक में सीएम बदलने की चर्चा फिर तेज हो गई है। खबरों के अनुसार, कर्नाटक में नेतृत्व और सत्ता बंटवारे को लेकर अटकलों के बीच कांग्रेस में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, बुधवार रात शहर के एक होटल में वरिष्ठ मंत्री सतीश जारकीहोली की ओर से डिनर का आयोजन किया गया। इसमें 30 से ज्यादा विधायक शामिल हुए। हालांकि इसे विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान एक रूटीन सोशल मीटिंग बताया जा रहा है। माना ये भी जा रहा है कि इसमें राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा हुई। जारकीहोली को सीएम सिद्दारमैया का करीबी माना जाता है। जारकीहोली ने डिनर पार्टी को लेकर बयान दिया है। उन्होंने कहा कि इसमें कुछ भी खास नहीं है। एक जैसी सोच वाले लोगों को डिनर देना आम बात है।
खबरों के अनुसार, इस डिनर में सिद्दारमैया के बेटे और एमएलसी यतींद्र सिद्दारमैया और विधायक के एन राजन्ना भी मौजूद रहे। हालांकि सिद्दारमैया ने खुद डिनर में हिस्सा नहीं लिया। बताया रहा है कि सेहत खराब होने के कारण वह इसमें शामिल नहीं हुए।
राजन्ना ने दिया ये बयान
राजन्ना ने इस संबंध में कहा कि मीटिंग राजनीतिक थी। उन्होंने बताया कि मीटिंग केवल एससी एसटी विधायकों तक सीमित नहीं थी। जब पूछा गया कि क्या राजनीति पर चर्चा हुई, तो राजन्ना ने इसके जवाब में कहा कि कि हम और किस लिए मिलते? क्या हम सिर्फ खाने के लिए मिलते? जब लोग मिलते हैं, तो चर्चा तो होती ही है। इसके कई मकसद होते हैं।
PC: bhaskar
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें