- SHARE
-
इंटरनेट डेस्क। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को पुलिस द्वारा बुधवार को संभल जाने से रोके जाने को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से पुलिस के इस कदम की निंदा करते हुए इसे भाजपा सरकार की अलोकतांत्रिक सोच का प्रतीक करार दिया है।
अशोक गहलोत ने इस संबंध में बुधवार को एक्स के माध्यम से अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने पोस्ट के माध्यम से कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को संभल में पीडि़त परिवारों से मिलने जाने से रोकना निंदनीय एवं भाजपा सरकार की अलोकतांत्रिक सोच का प्रतीक है। नेता प्रतिपक्ष होने के नाते यह उनका अधिकार है कि वो देश में कहीं भी घटना-दुर्घटना होने की स्थिति में जाकर जायजा ले सकें एवं शांति स्थापित करने में सहयोग कर सकें।
अशोक गहलोत ने इस संबंध में आगे कहा कि राहुल गांधी अकेले जाकर भी पीडि़तों से मिलने जाने को तैयार थे, परन्तु उन्हें नहीं जाने दिया गया। उत्तर प्रदेश सरकार यह नहीं समझ पा रही है कि विपक्षी नेताओं को ऐसे दौरे करने से रोकना वहां तनाव बढ़ाता है। अगर राहुल गांधी संभल जाते तो वहां स्थिति सामान्य करने में सरकार को ही मदद मिलती।
पुलिस ने राहुल- प्रियंका को दिल्ली-गाजीपुर सीमा पर ही रोका
कांग्रेस के कई नेताओं के पुलिस के इस कदम की निंदा करते हुए योगी आदित्यनाथ सरकार पर निशाना साधा है। आपको बता दें कि बुधवार को राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को पुलिस ने संभल में पीडि़त परिवारों से मुलाकात नहीं करने दी। दोनों को दिल्ली-गाजीपुर सीमा पर ही रोक दिया गया था।
PC: deccanherald
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें