Rajasthan: इस मामले में कांग्रेस सहित सभी विपक्षी दलों ने दिया भजनलाल सरकार का साथ

Hanuman | Friday, 27 Mar 2026 08:44:22 AM
Rajasthan: In this matter, all opposition parties—including the Congress—have supported the Bhajanlal government.

जयपुर। मध्यपूर्व एशिया क्षेत्र में उत्पन्न स्थिति से कच्चे तेल, गैस और फर्टिलाइजर की आपूर्ति के संबंध में गुरुवार को सीएम कार्यालय में सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई। इस बैठक् की अध्यक्षता सीएम भजनलाल ने की। बैठक में सीएम ने सभी दलों के प्रतिनिधियों के साथ प्रदेश में तेल, गैस के प्रबंधन की स्थिति के बारे में चर्चा करते हुए सामूहिक जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

शर्मा ने सभी दलों के साथ-साथ प्रदेश की जनता को आश्वस्त किया कि राजस्थान में पेट्रोल-डीजल, गैस एवं उर्वरकों की उपलब्धता पर्याप्त है तथा किसी प्रकार की घबराहट की आवश्यकता नहीं है। राज्य सरकार ने सतर्कता से काम कर व्यवस्थाओं को अधिक सुदृढ़, सक्रिय एवं प्रभावी बनाया है। वहीं विभिन्न राजनैतिक दलों के नेताओं ने कहा कि वे पूरी तरह राज्य सरकार के साथ हैं। उन्होंने गैस एवं तेल प्रबंधन में केन्द्र और राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए विभिन्न सुझाव प्रस्तुत किए। इन सुझावों में जिला स्तर पर गैस एवं तेल वितरण की नियमित मॉनिटरिंग, पीएनजी नेटवर्क का तेजी से विस्तार और वैकल्पिक व्यवस्थाओं के संबंध में कार्ययोजनाएं आदि प्रमुख रहे।

बैठक में शामिल हुए प्रदेश के ये दिग्गज नेता

इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, भाजपा विधायक श्रीचंद कृपलानी, कांग्रेस विधायक राजेन्द्र पारीक और रामकेश, बसपा विधायक मनोज कुमार, राष्ट्रीय लोकदल से विधायक डॉ. सुभाष गर्ग, निर्दलीय विधायक अशोक कुमार कोठारी, मुख्य सचिव वी श्रीनिवास सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे। वहीं, संसदीय कार्यमंत्री  जोगाराम पटेल, सरकारी मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग और भारत आदिवासी पार्टी के विधायक थावर चन्द वीसी के माध्यम से जुड़े। बैठक में मुख्य सचिव ने प्रस्तुतिकरण के माध्यम से प्रदेश में गैस एवं तेल आपूर्ति की जानकारी साझा की।

PC: dipr.rajasthan1



 


ताज़ा खबर

Copyright @ 2026 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.