- SHARE
-
जयपुर। नेशनल हेराल्ड मामले में दिल्ली की राउज़ एवेन्यू कोर्ट के फैसले को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने अपनी प्रतिक्रया दी है। अशोक गहलोत ने इस संबंध में एक्स के माध्यम से कहा कि नेशनल हेराल्ड मामले में दिल्ली की राउज़ एवेन्यू कोर्ट का फैसला 'सत्ता पर सत्य की विजय' का प्रमाण है। कोर्ट ने सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ ईडी की शिकायत को खारिज कर यह स्पष्ट कर दिया है कि इसमें पीएमएलए (मनी लॉन्ड्रिंग) का कोई मामला नहीं बनता।
हम शुरू से ही कह रहे थे कि यह मोदी सरकार द्वारा रचित एक मनगढ़ंत और झूठा मामला है, जिसका उद्देश्य केवल गांधी परिवार की छवि खराब करना था। कुछ दिन पूर्व इसलिए ही इस केस में ईडी ने दिल्ली पुलिस में एफआईआर दर्ज करवाई क्योंकि जब से इन्होंने चालान पेश किया तब से इन्हें पता था कि इस केस में कोई दम नहीं है। मोदी सरकार के दबाव में ईडी ने कोर्ट में अपनी भद्द पिटवाई है। आज न्यायपालिका ने दूध का दूध और पानी का पानी कर दिया है। अंततः जीत सच्चाई की ही हुई है।
केस शुरू से ही मोदी सरकार द्वारा राजनीतिक बदले की भावना से प्रेरित था
वहीं टीकाराम जूली ने एक्स के माध्यम से कहा कि नेशनल हेराल्ड मामले में दिल्ली की राउज़ एवेन्यू कोर्ट का निर्णय इस बात का प्रमाण है कि सत्य को सत्ता के दबाव में दबाया नहीं जा सकता। कोर्ट ने सोनिया गांधी और राहुल गांधी के विरुद्ध ईडी की शिकायत खारिज कर स्पष्ट कर दिया कि इस मामले में पीएमएलए के तहत कोई अपराध बनता ही नहीं। यह केस शुरू से ही मोदी सरकार द्वारा राजनीतिक बदले की भावना से प्रेरित था, जिसका उद्देश्य केवल गांधी परिवार को बदनाम करना था। जब आरोपों में दम नहीं बचा तो एजेंसियों का दुरुपयोग किया गया, लेकिन अदालत में सच टिक गया। आज न्याय ने साफ संदेश दे दिया- सच परेशान हो सकता है, पराजित नहीं।
PC: newsnationtv
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें