- SHARE
-
खेल डेस्क। पूर्व भारतीय कप्तान और बीसीसीआई के मौजूदा अध्यक्ष सौरव गांगुली के प्रशंसकों के लिए अच्छी खबर आ रही है। अच्छी खबर ये है कि सौरव गांगुली की हालत में सुधार है और अब उन्हें आज या कल अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है। इसी बीच सीपीआइ (एम) के वरिष्ठ नेता अशोक भट्टाचार्य ने सौरव गांगुली के स्वास्थ्य को लेकर बड़ा दावा किया है।
अशोक भट्टाचार्य ने अपने बयान में दावा किया कि सौरव गांगुली को दिल का दौरा पडऩे का कारण उन पर राजनीति में शामिल होने का दबाव हो सकता है। कयास लगाए जा रहे थे कि इस साल राज्य विधानसभा चुनाव से पहले भारत के पूर्व बाएं हाथ के बल्लेबाज सौरव गांगुली भाजपा में शामिल होंगे, लेकिन खुद गांगुली ने कभी भी राजनीतिक में आने के बारे में स्पष्ट नहीं किया था।

सीपीआइ (एम) के नेता भट्टाचार्य ने कहा है कि कुछ लोग राजनीतिक रूप से पूर्व सौरव गांगुली का उपयोग करना चाहते थे। शायद उस पर दबाव बढ़ा। गांगुली के लंबे समय से पारिवारिक मित्र रहे सीपीआइ (एम) के वरिष्ठ नेता अशोक भट्टाचार्य ने कहा कि गांगुली को स्पोर्टिंग आइकन के रूप में जाना जाना चाहिए।
गौरतलब है कि 48 वर्षीय सौरव गांगुली को शनिवार को जिम में शारीरिक व्यायाम करते समय सीने में तकलीफ हुई थी। इसके बाद उन्हें वुडलैंड्स अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। इसके बाद डॉक्टरों ने उनकी एंजियोप्लास्टी की थी।