T20 World Cup: अर्शदीप सिंह के पास है अश्विन का ये रिकॉर्ड तोड़ने का मौका

Hanuman | Tuesday, 10 Feb 2026 12:57:14 PM
T20 World Cup: Arshdeep Singh has a chance to break this record of Ashwin

खेल डेस्क। आईसीसी टी20 विश्व कप के अपने पहले मैच में अमेरिका को हराने के बाद अब सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय अब अपने दूसरे मुकाबले में दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में नामीबिया का सामना करेगी। गुरुवार को खेले जाने वाले इस मैच में टीम इंडिया के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह के पास इतिहास रचने का शानदार मौका होगा।

उनके पास हमवतन दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन का बड़ा वर्ल्ड कप रिकॉर्ड तोड़ने का मौका होगा। अर्शदीप अगर नामीबिया के खिलाफ मैच में 4 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजने में सफल हो जाते हैं तो वह टी विश्व कप में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज बन जाएंगे। अर्शदीप सिंह अब तक टी20 वर्ल्ड कप में भारत की ओर से 15 मुकाबलों में 29 विकेट हासिल कर चुके हैं। इस विश्व कप के अमेरिका के खिलाफ खेले गए मैच में अर्शदीप दो विकेट हासिल करने में सफल रहे थे। दिग्गज भारतीय स्पिनर अश्विन ने टी20 वर्ल्ड कप में भारत की ओर से 24 मैचों में कुल 32 विकेट झटके थे।

अर्शदीप सिंह ने टी20 क्रिकेट में हासिल कर लिए हैं इतने विकेट

टी20 वर्ल्ड कप में भारत की ओर से रविचंद्रन अश्विन ने 32, अर्शदीप सिंह ने 29, जसप्रीत बुमराह ने 26, हार्दिक पंड्या ने 24 और रवींद्र जडेजा ने 22 विकेट हासिल किए थे। अर्शदीप सिंह क्रिकेट के इस फॉर्मेट में भारत की ओर से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं।

उन्होंने 77 टी20 मैचों की 76 पारियों में 120 विकेट हासिल किए हैं। 51 रन देकर 5 विकेट उनका बेस्ट बॉलिंग परफॉर्मेंस है। अर्शदीप के बाद जसप्रीत बुमराह 107 विकेट के साथ टी20 में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले दूसरे भारतीय गेंदबाज हैं।

PC: espncricinfo
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें

 



 


ताज़ा खबर

Copyright @ 2026 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.