नशे में धुत कार चालक ने चार को कुचला, दो की मौत, दो घायल

Samachar Jagat | Saturday, 17 Sep 2016 08:39:58 AM
Four crushed by drunken driver

नई दिल्ली। दिल्ली में नशे और तेज रफ्तार कार ने मंगोलपुरी इलाके में गुरूवार रात को चार लोगों को कुचल दिया। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई जबकि दो घायल हो गए। 

घायलों को एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। जिसमें एक की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद लोगों ने आरोपी कार चालक को दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, गुरूवार रात 11 बजे मंगोलपुरी के मछली मार्केट में स्थानीय लोग खरीदारी कर रहे थे। इसी दौरान सुल्तानपुरी की ओर जा रही ईको कार अनियंत्रित होकर चार लोगों को टक्कर मारते हुए एक नाले के दीवार से टकराकर रुक गई। 

लोगों ने कार से उतर कर भाग रहे चालक को दबोच कर घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जख्मी सभी लोगों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। 

जहां दो लोगों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मरने वाले एक युवक की पहचान ए ब्लॉक सुल्तानपुरी निवासी रोशन (19) के रूप में हुई। जबकि 30 वर्षीय दूसरे युवक की पहचान नहीं हो पाई है।

वहीं, घायलों की पहचान सुल्तानपुरी निवासी घनश्याम (43) और मदनलाल (44) के रूप में हुई है। घनश्याम की हालत नाजुक बनी हुई है। चालक की पहचान सुल्तानपुरी निवासी रवि के रूप में हुई है। मेडिकल जांच में रवि के शराब पीने की पुष्टि हुई है। घटना के समय वह तीन दोस्तों के साथ पार्टी कर सुल्तानपुरी जा रहा था। पुलिस ने शुक्रवार को रोहण का पोस्टमार्टम कराकर शव को परिवार वालों को सौंप दिया है। 



 

यहां क्लिक करें : हर पल अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, समाचार जगत मोबाइल एप। हिन्दी चटपटी एवं रोचक खबरों से जुड़े और अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें!

loading...
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.