एक मंच पर दिखे मोदी-नीतीश, दोनों ने की एक-दूजे की जमकर तारीफ

Samachar Jagat | Thursday, 05 Jan 2017 03:09:51 PM
PM and Nitish Kumar praise each other at Prakash Utsav

पटना। गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के 350वें प्रकाश पर्व पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक मंच साझा किया। इस दौरान दोनों ही एक-दूसरे के मुरीद हो गए और नीतीश-मुलायम ने एक-दूसरे की जमकर तारीफ की। शुरुआत नीतीश कुमार ने की तो मोदी ने भी रिटर्न गिफ्ट में कोई कसर नहीं छोड़ी। मोदी ने प्रकाश पर्व के आयोजन की तैयारी से लेकर बिहार में शराबबंदी के मुद्दे पर मुख्यमंत्री की जमकर तारीफ की।

मोदी ने कहा कि बिहार में प्रकाश पर्व का उत्साह देश के लिए न केवल प्रेरणा है, बल्कि यह उत्सव देश की एकता का प्रतीक भी है। सिखों के 10वें गुरु, गुरु गोविंद सिंह की जन्मस्थली पटना में 350वें प्रकाशोत्सव में भाग लेने पहुंचे मोदी ने गांधी मैदान में आयोजित समागम में कहा कि केंद्र सरकार इस बात का विशेष प्रयास कर रही है कि न केवल हिंदुस्तान में, बल्कि पूरे विश्व को इस बात का अहसास हो कि गुरु गोविंद सिंह जी जैसी दिव्य आत्मा का जन्म यहां हुआ। प्रकाशोत्सव के सफल आयोजन को लेकर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा, नीतीश जी ने काफी मेहनत से इस आयोजन को सफल बनाया है। पटना में प्रकाश पर्व की विशेष अहमियत है।

उन्होंने कहा, प्रकाशोत्सव पर्व हमें सही रास्ते पर चलना सिखाता है। गुरु गोविंद सिंह जी त्याग की प्रतिमूर्ति थे। त्याग की पराकाष्ठा थे। उन्होंने अपनी आंखों के सामने पिता का बलिदान देखा, तो पुत्रों को भी सच्चाई के लिए बलि चढ़ते देखा। गुरु गोविंद सिंह जी की जिदंगी और उनके त्याग हमेशा इस दुनिया को जीने का तरीका बताते रहे हैं। उन्होंने अपने संबोधन की शुरुआत में पंजाबी भाषा में पंच प्यारे का जिक्र करते हुए कहा कि पंच प्यारे ने भारत को एकता के सूत्र में बांधने का काम किया।

उन्होंने कहा कि आज के समय में हम सब की जिम्मेदारी है कि हम उनके आदर्शो से सीखते हुए देश को एकता में बांधने का काम करें। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गांधी मैदान में बने अस्थायी गुरुद्वारे में मत्था टेका और गुरुवाणी सुनी। वह हवाईअड्डे से सीधे यहां पहुंचे। पटना हवाईअड्डे पर बिहार के राज्यपाल रामनाथ कोविंद और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उनका स्वागत किया।

वहीं, मोदी से पहले नीतीश कुमार ने गुरु गोविंद सिंह के व्यक्तित्व की जमकर तारीफ की। कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी और अन्य नेताओं को धन्यवाद दिया। नीतीश अपने संबोधन में आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव का जिक्र करना नहीं भूले। नीतीश कुमार ने बापू के चंपारण यात्रा के 100 साल पूरे होने के मौके पर अपने शराबबंदी से जुड़े फैसले की तारीफ की। नीतीश यह बताना नहीं भूले कि जब मोदी गुजरात के सीएम थे, तभी उन्होंने शराबबंदी का कानून अपने राज्य में लागू कर दिया था।



 

यहां क्लिक करें : हर पल अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, समाचार जगत मोबाइल एप। हिन्दी चटपटी एवं रोचक खबरों से जुड़े और अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें!

loading...
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.