राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने पर सीएम Bhajanlal ने लोगों को अब दे दी है ये बड़ी सौगात

Hanuman | Tuesday, 16 Dec 2025 08:04:12 AM
Chief Minister Bhajanlal has given this big gift to the people on the completion of two years of the state government

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने पर सोमवार को प्रदेश के लोगों को बड़ी सौगात दी है।  सीएम भजनलाल ने नगरीय विकास एवं आवासन मंडल के स्टॉल्स पर राजस्थान हाउसिंग बोर्ड की ओर से विभिन्न आय वर्गों के लिए हनुमानगढ़ एवं भिवाड़ी में नवीन आवासीय योजनाओं का शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल ने जयपुर विकास प्राधिकरण की ओर से जगतपुरा सेंट्रल स्पाइन योजना ब्लॉक-जी के प्रतीकात्मक रूप से 3 काश्तकारों (कुल 20 लाभान्वित खातेदार) को मौके पर ही पट्टे वितरित किए। साथ ही, उन्होंने जेडीए की डिजिटल मार्गदर्शिका का भी विमोचन किया।

सीएम भजनलाल ने इस मौके पर जवाहर कला केंद्र में आयोजित राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। उन्होंने प्रदर्शनी में विभिन्न विभागों की स्टॉल्स पर जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास परियोजनाओं, विभिन्न जनोपयोगी उपकरणों एवं उत्पादों, नवाचारों एवं उपलब्धियों का अवलोकन किया। सीएम ने सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की स्टॉल पर लगाए गए डिजिटल सेल्फी पॉइंट पर सेल्फी भी क्लिक करवाई। साथ ही, उन्होंने स्टॉल पर एआई इंटरएक्टिव पैनल के माध्यम से संचालित प्रश्नोत्तरी क्विज में भी भाग लिया। वहीं, गृह विभाग की स्टॉल पर पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने मुख्यमंत्री को विभाग के नवाचारों से संबंधित जानकारी दी।  शर्मा ने राजकॉप ऐप के माध्यम से शिकायतों के प्रभावी निस्तारण पर संतोष व्यक्त किया।

रोबोटिक मशीन की कार्यप्रणाली की जानकारी ली
मुख्यमंत्री ने इस दौरान कहा कि पीएम कुसुम योजना एवं पीएम सूर्य घर योजना डबल इंजन सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाएं हैं। इनके माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को लाभांवित किया जाए। उन्होंने स्वायत्त शासन विभाग की स्टॉल पर शहर के सीवरेज के मैनहॉल की सफाई के लिए रोबोटिक मशीन की कार्यप्रणाली की जानकारी ली।

PC: dipr.rajasthan
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें



 


ताज़ा खबर

Copyright @ 2026 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.