- SHARE
-
जयपुर। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने अरावली पर्वतमाला को लेकर एक बार फिर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को निशाने पर लिया है। कांग्रेस नेता जूली ने इस संबंध में सोशल मीडिया के माध्यम से बड़ी बात कही है।
जूली ने इस संबंध में एक्स के माध्यम से कहा कि अरावली का सौदा कर रहे हैं, अरावली को अपने उद्योगपति मित्रों को देना चाहते हैं, अरावली में खनन करना चाहते हैं, क्या कारण है? आज भी अलवर सहित कई जगहों पर आपने अभी तक एरिया नोटिफाई नहीं किया है। उसी दौरान आपने 20 से अधिक लीज़ें तो अलवर में दे दीं। क्या आपने नोटिफिकेशन जारी कर दिया है? क्या आपने पूरा एरिया चिन्हित कर लिया है कि किस आधार पर आप इसे अरावली नहीं मान रहे हैं? तो फिर आप जनता को यह कैसे प्रचारित कर रहे हैं कि हम अरावली को नष्ट नहीं होने देंगे, उसमें खनन नहीं होने देंगे उसका आधार क्या है?
जूली ने कहा कि मुख्यमंत्री जी से पूछना चाहूंगा, चार दिन पहले आपने भाषण दिया था कि अरावली को कुछ नहीं होने देंगे। चार दिन से लेकर आज तक आपने क्या किया? उस लिहाज़ से आपने ऐसे कौन से प्रयास किए हैं जो यह साबित करें कि आप राजस्थान की अरावली को बचाने का काम करेंगे?
राजस्थान सरकार का स्पष्ट स्टैंड क्या है?
जूली ने कहा कि पहली बार गलती से बिना पर्ची के बोल गए तो मुसीबत आ गई। अब मुख्यमंत्री जी खुद बोल नहीं पा रहे हैं कभी अरुण चतुर्वेदी को आगे कर देते हैं, कभी राजेंद्र राठौड़ को आगे कर देते हैं। भाजपा के जो पदाधिकारी हैं, पार्टी के जो नेता हैं, उन्हें आगे किया जा रहा है। यह मुद्दा भाजपा का नहीं है, हम सरकार का स्टैंड जानना चाहते हैं, राजस्थान सरकार का स्पष्ट स्टैंड क्या है?
आदेश क्यों नहीं बदलवा देते
हमारे दोनों मंत्री अलवर से आते हैं, दोनों का स्टैंड क्या है, यह बताइए। गुमराह करना छोड़िए। हर व्यक्ति रोटी खाता है, हर आदमी को समझ है। आप जो अरावली के नाम पर जनता को गुमराह कर रहे हैं, तो फिर वह आदेश क्यों नहीं बदलवा देते, जिससे स्पष्ट हो जाए कि अरावली का कुछ भी नुकसान नहीं होगा।
PC: etvbharat
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें