- SHARE
-
जयपुर। प्रदेश में घरेलू रसोई गैस आपूर्ति हेतु पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है तथा आमजन को इस संबंध में चिंतित होने की आवश्यकता नहीं है। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने ये बात कही है। उन्होंने बुधवार को एलपीजी आपूर्ति पर खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग के अधिकारियों तथा ऑयल गैस मार्केटिंग कम्पनियों के प्रतिनिधियों की एक महत्वपूर्ण बैठक वीसी के माध्यम से ली।
सुमित गोदारा ने आमजन से भ्रामक अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय घटनाक्रमों जनित वर्तमान स्थिति का घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की आपूर्ति पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है। घरेलू उपभोक्ताओं को बुकिंग के तीन से चार दिन के अंदर गैस सिलेंडर की आपूर्ति हो रही है। बड़ी संख्या में ऑनलाइन बुकिंग एक समय पर होने के कारण गैस कंपनियों के सर्वर बीच में कुछ समय के लिए रुके थे परन्तु सुचारू आपूर्ति के संबंध में आश्वस्त होने के उपरांत बुकिंग सामान्य होने से अब ऐसी कोई समस्या नहीं है।
ओटीपी और डायरी में एंट्री किए बिना गैस सिलेंडर की डिलीवरी शत—प्रतिशत बंद हो
सुमित गोदारा ने कहा कि प्रदेश में सभी गैस एजेंसियों के माध्यम से घरेलू उपभोक्ताओं को निरंतर रसोई गैस आपूर्ति हो रही है। बिना ओटीपी और डायरी में एंट्री किए गैस सिलेंडर के डाइवर्जन की घटनाएं कुछ एजेंसियों में सामने आई है। इस प्रकार के घटनाक्रमों से असल उपभोक्ताओं को आपूर्ति प्रभावित होती है। उन्होंने गैस कंपनियों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि ओटीपी और डायरी में एंट्री किए बिना गैस सिलेंडर की डिलीवरी शत—प्रतिशत बंद हो ताकि फर्जी बुकिंग से होने वाले डाइवर्जन की पूर्णतया रोकथाम हो सके तथा उपभोक्ताओं को अधिकतम राहत मिले। उन्होंने कहा कि अधिकारी सुनिश्चित करें कि घरेलू गैस सिलेंडर उपभोक्ताओं के घर पर डिलीवर करने वाले हॉकर भी अपने आईडी कार्ड को डिलीवरी के दौरान नियमित रूप से पहने रखें।
PC: dipr.rajasthan, etvbharat, zeenews.india
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें