- SHARE
-
जयपुर। अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच जारी जंग बीच एलपीजी गैस की आपूर्ति को लेकर केन्द्र सरकार की ओर से दिशा-निर्देश जारी हो चुके हैं। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी बुधवार को सीएम निवास पर आयोजित बैठक में एलपीजी गैस आपूर्ति को लेकर निर्देश दिए हैं। सीएम भजनलाल ने निर्देश दिए कि आपूर्ति व्यवस्था को निर्बाध बनाए रखने के लिए उपलब्धता से लेकर वितरण व्यवस्था की निगरानी रखते हुए प्रभावी प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए राज्य एवं जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किए जाए। उन्होंने नागरिक आपूर्ति को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के कार्मिकों के अवकाश निरस्त किए जाने के निर्देश दिए।
सीएम भजनलाल ने कहा कि आम उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो। इसके लिए एलपीजी गैस और पेट्रोलियम उत्पादों की जमाखोरी या कालाबाजारी पर विशेष निगरानी रखी जाए। ऐसे मामलों के पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि जिला कलेक्टर एवं संबंधित अधिकारी निरीक्षण कर निरंतर मॉनिटरिंग करें।
मुख्यमंत्री भजनलाल ने इस बैठक में कहा कि ऐसे समय में अफवाह एवं भ्रामक जानकारी पर भी निगरानी रखी जाए एवं अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही, आमजन को एलपीजी गैस की उपलब्धता एवं आपूर्ति को लेकर समय-समय पर विभिन्न माध्यमों से जानकारी दी जाए।
केंद्र सरकार अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों पर लगातार नजर बनाए हुए है
मुख्यमंत्री भजनलाल ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें। केंद्र सरकार अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों पर लगातार नजर बनाए हुए है और उसके मार्गदर्शन में प्रदेश में आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह से सुचारु बनी हुई है। आमजन आधिकारिक सूचनाओं पर विश्वास करें और किसी भी समस्या के लिए सरकार की विभिन्न हेल्पलाइन नंबर 181, 112 की सहायता लें।
PC: dipr.rajasthan
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें