राजस्थान राज्य बीज निगम के डायरेक्टर की गिरफ्तारी के बाद डोटासरा का बड़ा बयान, कहा- कृषि विभाग की छापेमारी का असल मकसद…

Hanuman | Monday, 08 Jun 2026 09:20:25 AM
Dotasra's major statement following the arrest of the Rajasthan State Seed Corporation Director

 जयपुर। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने एसीबी द्वारा राजस्थान राज्य बीज निगम के डायरेक्टर जुगल किशोर विश्नोई और उसके रिश्तेदार स्वतंत्र ज्याणी को 2.43 करोड़ की रिश्वत के मामले में गिरफ्तार किए जाने पर प्रदेश की भजनलाल सरकार पर निशाना साधा है।

डोटासरा ने रविवार को एक्स के माध्यम से कहा कि भाजपा सरकार के संरक्षण में डकैती... कल मैंने कहा था कि कृषि विभाग में छापेमारी की आड़ में कमीशनखोरी और उगाही का खेल चल रहा है। आज एसीबी ने राजस्थान राज्य बीज निगम के डायरेक्टर जुगल किशोर विश्नोई और उसके रिश्तेदार स्वतंत्र ज्याणी को 2.43 करोड़ की रिश्वत के मामले में गिरफ्तार किया है।

चौंकाने वाली बात ये है कि ये रिश्वतखोर बीकानेर व सीकर के अलावा जोधपुर, भीलवाड़ा और श्रीगंगानगर में भी छापेमारी के दौरान कृषि मंत्री किरोड़ी लाल जी के साथ थे। जोधपुर और सुजानगढ़ में भी कार्रवाई के नाम पर करोड़ों रुपए ऐंठने की बात सामने आ रही है। अब स्पष्ट हो गया है कि कृषि मंत्री के साथ और उनका आदेश लेकर जो लोग कार्रवाई का चेहरा बनकर घूमते थे, वही करोड़ों की सौदेबाज़ी करते पकड़े गए हैं।

सीकर से बीकानेर और श्रीगंगानगर तक भ्रष्टाचार के मामलों के उजागर होने के बाद ये भी साफ प्रतीत हो रहा है कि कृषि विभाग की छापेमारी का असल मकसद कार्रवाई का डर दिखाकर उगाही करना था। राजस्थान में कार्रवाई, डर और धमकी के नाम पर छापेमारी की आड़ में 500 करोड़ रुपए की उगाही किए जाने के गंभीर आरोप हैं।

कृषि मंत्री के साथ कार्रवाई करने वाले अधिकारी करोड़ों रुपए की रिश्वत लेने का साहस कर रहे थे, तो ये पैसा आखिर कहां तक पहुंच रहा था? क्या इसकी डोर ऊपर तक जुड़ी हुई है? या फिर मंत्री जी इस भारी भ्रष्टाचार से बेखबर थे? तस्वीर साफ हो चुकी है… पहले मंत्री जी के साथ छापेमारी, फिर सेटिंग और उगाही! कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा  जी, आखिर भ्रष्टाचार का ये खेल किसके संरक्षण में चल रहा था?

व्यापारियों से सौदेबाज़ी करने वालों को राजस्थान कभी माफ नहीं करेगा
किसानों को नकली खाद बांटकर, व्यापारियों से सौदेबाज़ी करने वालों को राजस्थान कभी माफ नहीं करेगा। यह केवल भ्रष्टाचार का मामला नहीं, बल्कि अन्नदाता के विश्वास के साथ किया गया विश्वासघात है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराइए। जनता जानना चाहती है कि इस भ्रष्टाचार के इस खेल में और कौन-कौन शामिल है।

PC: rajasthan.ndtv
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें

 



 


ताज़ा खबर

Copyright @ 2026 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.