- SHARE
-
जयपुर। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शुक्रवार को जोधपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत करते हुए कई मुद्दों को लेकर प्रदेश की भजनलाल सरकार को निशाने पर लिया है। इस बात की जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से भी दी है। इस दौरान कहा कि पंचायत चुनावों को लेकर कहा कि पंचायत चुनाव होने ही हैं, स्थानीय निकायों के पंचायत चुनाव भी होने ही हैं और कांग्रेस कामयाब होगी। समय पर चुनाव होना आवश्यक था। सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट कई बार कह चुके हैं कि चुनाव समय पर कराए जाएं। संवैधानिक संशोधन के बाद समय पर चुनाव कराना अनिवार्य होता है, लेकिन इन्हें बिना वजह लंबा खींचा जा रहा था। अब कोर्ट के आदेश के बाद मुझे उम्मीद है कि चुनाव कराना पड़ेगा।
वहीं उन्होंने बजट में जोधपुर और मारवाड़ की उपेक्षा होने की बात कही है। उन्होंने कहा कि जो बजट आया, उसमें जोधपुर और पूरे मारवाड़ की उपेक्षा हुई है। मारवाड़ की स्थिति अलग है-जैसलमेर, बाड़मेर, फलोदी, जालौर, सिरोही और पाली-इन क्षेत्रों में अकाल और सूखे की स्थिति रही है। कई ऐसी योजनाएं थीं जिन्हें हाथ में लिया जाना चाहिए था। हमने राजीव गांधी लिफ्ट योजना के थर्ड फेज पर राज्य सरकार के खर्च से लगभग चौदह सौ करोड़ रुपए लगाए। काम शुरू हुआ, लेकिन धीमा पड़ गया। यदि मैं केंद्र सरकार के भरोसे रहता कि तुरंत फंडिंग आएगी, तब शुरू करेंगे, तो आज तक वह काम शुरू भी नहीं हो पाता। पूरे जोधपुर जिले के गांवों और आसपास के इलाकों में पीने का पानी पहुंचाना है, लेकिन उपेक्षा की जा रही है।
रिफाइनरी का उद्घाटन प्रधानमंत्री से क्यों नहीं करवा रहे?
वहीं उन्होंने कहा कि रिफाइनरी को लेकर बार-बार झांसा दिया जा रहा है। अगस्त में उद्घाटन की बात कही गई थी, फिर क्यों नहीं हुआ? गृह मंत्री कई बार जोधपुर आ चुके हैं। यहां स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स है, सुमेर लाइब्रेरी है-जो काम अधूरे पड़े हैं, उनका ही उद्घाटन करवा देते। रिफाइनरी का उद्घाटन प्रधानमंत्री से क्यों नहीं करवा रहे? बार-बार तारीख बदल रहे हैं। आखिर राज क्या है? इस बजट ने राजस्थानवासियों को पूरी तरह निराश किया है। ऐसा निराशाजनक बजट पहले कभी नहीं आया। पूरे प्रदेश में भारी आक्रोश है, हर क्षेत्र में असंतोष है। उन्होंने कहा कि बुजुर्ग पेंशन हो, बच्चों की स्कॉलरशिप हो, छात्रों की स्कूटी हो-तमाम विभागों के बजट लंबित पड़े हैं। पीएचईडी हो, इरिगेशन हो, पीडब्ल्यूडी हो-कहीं काम नहीं हो रहे।
PC: X
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें