Rajasthan: जनजातीय गौरव दिवस समारोह में आज सीएम भजनलाल एक साथ देंगे कई बड़ी सौगातें

Hanuman | Saturday, 15 Nov 2025 08:24:04 AM
Rajasthan: CM Bhajan Lal will present several big gifts at the Tribal Pride Day celebrations today

जयपुर। भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर डूंगरपुर में राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह आज मनाया जाएगा। समारोह में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा किसानों और जनजातीय समुदाय के लोगों को बड़ी सौगातें देंगे। सीएम भजनलाल आज जनजातीय समुदायों के विकास एवं कल्याण के लिए 62 करोड़ रुपए की लागत के 31 कार्यों का शिलान्यास तथा 25 करोड़ रुपए की लागत के 31 कार्यों का लोकार्पण करेंगे।

 वहीं, किसानों एवं जनजातीय छात्र-छात्राओं को कुल 204 करोड़ की राशि डीबीटी करेंगे। मुख्यमंत्री इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के गुजरात में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय कार्यक्रम में वीसी के माध्यम से जुडे़ंगे।  सीएम भजनलाल शर्मा राज्य स्तरीय समारोह से सिपेट, जयपुर में 20 जनजाति युवाओं के कौशल विकास के लिए असिस्टेंट मशीन ऑपरेटर इंजक्शन एक्सट्रूजन का निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण प्रारंभ करेंगे। साथ ही, वे आरकेसीएल द्वारा जनजाति युवाओं को कम्प्यूटर में दक्ष बनाने के लिए उदयपुर, डूंगरपुर एवं बांसवाड़ा में 3 प्रशिक्षण ज्ञान केन्द्रों पर आरएस-सीआईटी कोर्स का शुभारम्भ करेंगे। वहीं, जनजाति भवन जयपुर में आईआईटी-जेईई, नीट प्रवेश परीक्षाओं व अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए 60 छात्राओं के आवासीय बैच की भी शुरूआत करेंगे।

सीएम शर्मा इस दौरान 12 हजार जनजाति छात्र-छात्राओं को पोशाक, स्टेशनरी एवं अन्य सामग्री के लिए 4 करोड़ 8 लाख रुपए की राशि हस्तांतरित करेंगे। शर्मा रबी 2025-26 के लिए 50 हजार जनजातीय कृषकों को 3 करोड़ 14 हजार रुपए की लागत के निःशुल्क हाईब्रिड सब्जी बीज मिनिकिट प्रदर्शन एवं जैविक आदान का वितरण भी करेंगे।

विभिन्न योजनाओं के तहत लाभार्थी किसानों को 200 करोड़ की अनुदान राशि डीबीटी करेंगे

वहीं कृषि एवं उद्यान विभाग की विभिन्न योजनाओं के तहत लाभार्थी किसानों को 200 करोड़ की अनुदान राशि डीबीटी करेंगे। इससे फार्म पौण्ड, डिग्गी, पाईप लाईन, तारबंदी, कृषि यंत्र, गोवर्धन उर्वरक योजना, वर्मी कम्पोस्ट, ड्रिप-मिनि फव्वारा, कम लागत का प्याज भण्डारण कक्ष, सौर पम्प संयंत्र, छात्राओं को प्रोत्साहन राशि एवं फव्वारा से संबंधित योजनाओं के किसान लाभान्वित होंगे। मुख्यमंत्री इस दौरान पीएम-कुसुम-बी कम्पोनेन्ट सौर ऊर्जा संयंत्र परियोजना के तहत 2 हजार प्रशासनिक स्वीकृतियां भी जारी करेंगे।

PC:  dipr.rajasthan 
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें



 


ताज़ा खबर

Copyright @ 2025 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.