- SHARE
-
जयपुर। विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने अब प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भजनलाल सरकार को निशाने पर लिया है। उन्होंने अब इस संबंध में एक खबर सोशल मीडिया पर शेयर कर इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
कांग्रेस नेता जूली ने इस संबध में आज एक्स के माध्यम से कहा कि राजस्थान में स्वास्थ्य सेवाओं की जो तस्वीर सामने आ रही है, वह बेहद चिंताजनक है। 'राइट टू हेल्थ' (आरटीएच) देने वाले हमारे प्रदेश में पिछले 170 दिनों से 600 'जननी एक्सप्रेस' एम्बुलेंस गाड़ियों के पहिए थमे हुए हैं। टेंडर प्रक्रिया समय पर पूरी न होने के कारण रोजाना करीब 1700 गर्भवती महिलाएं और नवजात शिशु भगवान भरोसे हैं।
सरकार के अन्य विभागों की जमीनी स्थिति का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है
जूली ने इस संबंध में आगे कहा कि यह स्थिति दिखाती है कि वर्तमान सरकार के कुप्रबंधन के कारण राज्य की वित्तीय और प्रशासनिक हालत किस कदर बिगड़ चुकी है। जब चिकित्सा जैसे अत्यंत संवेदनशील क्षेत्र और आपातकालीन सुविधाओं का यह हाल है, तो सरकार के अन्य विभागों की जमीनी स्थिति का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।
आम जनता के जीवन को संकट में डालना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने ये भी बोल दिया कि अस्पतालों और आपातकालीन सेवाओं के बजट को अटकाकर आम जनता के जीवन को संकट में डालना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। मुख्यमंत्री जी और स्वास्थ्य मंत्री जी से मेरा आग्रह है कि वे इस ढुलमुल रवैये को छोड़ें, कागजी 'विचार' करने के बजाय तुरंत समाधान निकालें और इन बंद पड़ी एम्बुलेंस सेवाओं को अविलंब शुरू करवाएं।
PC: patrika
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें