Rajasthan: 25 मई से शुरू हो रहा है ये अभियान, सीएम भजनलाल करेंगे शुभारंभ

Hanuman | Friday, 15 May 2026 08:46:21 AM
Rajasthan: This Campaign Begins on May 25, CM Bhajanlal to Launch It

जयपुर। राजस्थान में भू-जल स्तर और जल संचयन में जन भागीदारी बढ़ाने के लिए 25 मई से 'वंदे गंगा' जल संरक्षण जन अभियान शुरू होगा, जो 5 जून (विश्व पर्यावरण दिवस) तक चलेगा।  अभियान का शुभारंभ सीएम भजनलाल शर्मा सीतापुरा स्थित जयपुर एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर से करेंगे। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास की अध्यक्षता में गुरुवार को अभियान की तैयारियों के लिए शासन सचिवालय के चिंतन सभागार में महत्वपूर्ण बैठक हुई।

बैठक में वी. श्रीनिवास ने सभी विभागों के उच्चाधिकारियों को अभियान की व्यापक एवं प्रभावी क्रियान्विति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देकर प्रत्येक जिले में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए। जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन, पारम्परिक जल स्रोतों के संरक्षण एवं पर्यावरण संवर्धन के कार्यक्रमों को मिशन मोड पर करें, जिससे अभियान का सकारात्मक प्रभाव प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचे। सभी विभाग आपसी समन्वय से प्रत्येक ग्राम पंचायत एवं नगरीय निकाय तक कार्ययोजना बनाकर गतिविधियों का संचालन सुनिश्चित करें।

अवलोकन व लोकार्पण जैसे विभिन्न कार्य होंगे
बैठक में वी. श्रीनिवास ने जानकारी दी कि ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट-2026 के राज्य स्तरीय समापन समारोह के साथ 'वंदे गंगा' जल संरक्षण जन अभियान-2026 का राज्य स्तरीय शुभारंभ समारोह होगा। इस अभियान में जल संसाधन विभाग द्वारा नदी, वृहद एवं मध्यम बांध, सरोवर, नहरों की पूजा, नहरों एवं खालों की जल उपयोगिता संगम एवं किसानों के सहयोग से साफ-सफाई, जल शक्ति अभियानः कैच द रैन अंतर्गत कार्यक्रम, जल संचय जन भागीदारी कार्यक्रम, नए कार्यों का शिलान्यास, भूमि पूजन एवं पूर्ण कार्यों का अवलोकन व लोकार्पण जैसे विभिन्न कार्य होंगे। वी. श्रीनिवास ने बताया कि अभियान में मुख्यंमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान के अंतर्गत नवीन कार्यों की स्वीकृति और कार्य प्रारंभ किए जाएंगे। इस दौरान जल चौपाल भी आयोजित होंगी।

PC: dipr.rajasthan
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें



 


ताज़ा खबर

Copyright @ 2026 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.