- SHARE
-
जयपुर। राजस्थान में पेट्रोल-डीजल, गैस एवं उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता है और आमजन को घबराने की आवश्यकता नहीं है। ये बात मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को मुख्यमंत्री निवास पर उच्च स्तरीय बैठक को संबोधित करते हुए कही है। उन्होंने इस दौरान निर्देश दिए कि अधिकारी अवैध भंडारण, रिफिलिंग और अनियमितता के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करें। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश को आश्वस्त किया है कि आम जनता को परेशानी नहीं आने देंगे। सभी एकजुट होकर इस समय चुनौती का सामना करेंगे।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने निर्देश दिए कि जमाखोरों, अफवाह फैलाने वालों पर सख्त मॉनिटरिंग करते हुए कड़ी कार्रवाई करें, आमजन को किसी प्रकार की समस्या न हो और समस्या का त्वरित समाधान हो।
सीएम भजनलाल ने कहा कि एलपीजी एवं गैस संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए 181, 112 और 14435 हेल्पलाइन नंबर चौबीस घंटे संचालित हैं। प्रदेश में कहीं भी कृत्रिम संकट, कालाबाजारी या जमाखोरी जैसी स्थिति न पैदा हो, इसके लिए प्रभावी कदम उठाए जा रहे है। भजनलाल ने कहा कि सिटी गैस वितरण नेटवर्क का विस्तार तेजी से किया जाए ताकि एलपीजी पर निर्भरता कम हो सके। साथ-साथ सिटी गैस वितरण कंपनियां घरेलू पाइप्ड नैचुरल गैस कनेक्शन देने में तेजी लाएं और हॉस्पिटल, होटल, रेस्टोरेंट जैसी वाणिज्यिक इकाइयों को नैचुरल गैस अपनाने के लिए प्रेरित करें। पाइपलाइन अनुमतियों को शीघ्र स्वीकृति दी जाए।
अधिकारी सुनिश्चित करें कि इस आपूर्ति का दुरुपयोग न हो
भजनलाल शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार ने होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों, फूड प्रोसेसिंग एवं डेयरी इकाइयों, औद्योगिक कैंटीन और श्रमिकों के लिए 5 किलो वाले सिलेंडर के लिए 20 प्रतिशत अतिरिक्त एलपीजी आवंटन किया है। अधिकारी सुनिश्चित करें कि इस आपूर्ति का दुरुपयोग न हो।
PC: dipr.rajasthan
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें