- SHARE
-
वैंकूवर (मलकीत सिंह)। कनाडा के ओंटारियो प्रांत के पैरी साउंड इलाके के पास स्थित एक वन्यजीव अभयारण्य में बड़े विदेशी जानवर रखे जाने को लेकर स्थानीय लोगों और अभयारण्य प्रबंधन के बीच विवाद खड़ा हो गया है। यह मामला उस समय चर्चा में आया जब एस्पेन वैली वाइल्डलाइफ सैंक्चुअरी ने पिछले साल क्यूबेक के एक चिड़ियाघर से बचाए गए अफ्रीकी शेरों को छह महीने के लिए अपने पास रखा।
जानकारी के अनुसार सैंक्चुअरी प्रबंधन का कहना है कि शेरों को बचाव अभियान के तहत अस्थायी तौर पर यहां लाया गया था और उनकी पूरी सुरक्षा और देखभाल की गई। दूसरी ओर आसपास के इलाके के निवासियों ने चिंता जताई है कि रिहायशी क्षेत्र के पास इतने बड़े और खतरनाक जानवरों की मौजूदगी डर का कारण बन सकती है।
कुछ स्थानीय लोगों का कहना है कि जंगल और कॉटेज वाले इलाके में शेरों की दहाड़ सुनना उनके लिए असामान्य और चिंताजनक अनुभव था। हालांकि सैंक्चुअरी की ओर से कहा गया है कि जानवरों को मजबूत घेराबंदी वाले सुरक्षित बाड़ों में रखा गया था और आम लोगों के लिए किसी तरह का कोई खतरा नहीं था।
इस मामले के बाद वन्यजीव संरक्षण, जानवरों के बचाव और स्थानीय लोगों की सुरक्षा के बीच संतुलन बनाए रखने को लेकर नई बहस शुरू हो गई है। स्थानीय प्रशासन भी पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें