- SHARE
-
कार्टेल सरगना की मौत के बाद हिंसा में तेजी
वैंकूवर (मलकीत सिंह)। कनाडा के पड़ोसी देश मेक्सिको में एक कुख्यात ड्रग कार्टेल सरगना की मौत के बाद कई इलाकों में भयानक हिंसा फैल गई है। इसके चलते कनाडा सरकार ने अपने नागरिकों को मेक्सिको की यात्रा से बचने की सलाह दी है। ग्लोबल अफेयर्स कनाडा द्वारा जारी चेतावनी के अनुसार, कई शहरों में गोलीबारी, विस्फोट, आगजनी और सड़कों की नाकेबंदी की घटनाएं सामने आई हैं। खासतौर पर पर्यटन शहर प्यूर्टो वल्लार्टा में हालात काफी तनावपूर्ण बने हुए हैं, जहां लोगों को घरों में ही रहने की हिदायत दी गई है।
रिपोर्टों के मुताबिक, कई उड़ानें रद्द कर दी गई हैं और हवाई अड्डों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। स्थानीय प्रशासन ने कई इलाकों में कर्फ्यू जैसी पाबंदियां भी लागू की हैं। मेक्सिको की राष्ट्रपति ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है, लेकिन हालात अभी भी नाजुक बने हुए हैं। कनाडा सरकार ने मेक्सिको में मौजूद अपने नागरिकों से सतर्क रहने, गैर-जरूरी यात्रा से बचने और स्थानीय अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया है।
अधिकारियों ने यह भी सलाह दी है कि यात्री अपनी यात्रा की योजना बनाने से पहले सरकारी यात्रा परामर्श की जांच कर लें और आपातकालीन संपर्क जानकारी अपने पास रखें।