सेंट पैट्रिक दिवस के मौके पर हरे रंग में रंगा नजर आया नियाग्रा फॉल्स

Hanuman | Wednesday, 18 Mar 2026 12:34:02 PM
Niagara Falls appeared bathed in green on the occasion of St. Patrick's Day

मनमोहक दृश्य को देखने के लिए उमड़ी सैलानियों की भीड़

वैंकूवर, (मलकीत सिंह)। सेंट पैट्रिक दिवस के अवसर पर कनाडा के विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल नियाग्रा फॉल्स पर रात के समय एक शानदार दृश्य देखने को मिला, जब प्रकृति के इस अद्भुत और दिलकश नजारे को हरे रंग की रोशनी से जगमगा दिया गया। ‘ग्लोबल ग्रीनिंग’ अभियान के तहत आयोजित इस विशेष कार्यक्रम के अंतर्गत दुनिया भर के प्रसिद्ध स्थलों को हरे रंग से सजाकर आयरिश संस्कृति का उत्सव मनाया जाता है।

जानकारी के अनुसार नियाग्रा फॉल्स पर यह रोशनी कार्यक्रम शाम से शुरू होकर देर रात तक जारी रहा। इस दौरान हर घंटे की शुरुआत में 15 मिनट के लिए हरी लाइटिंग की गई, जिससे दर्शकों को बार-बार इस मनमोहक दृश्य को देखने का अवसर मिला।

इस मौके पर झरने से गिरते पानी की महीन बूंदों से बनी घनी धुंध भी हरे रंग में रंगी हुई नजर आई, जिससे पूरा माहौल और भी खूबसूरत तथा यादगार बन गया। सैलानियों और स्थानीय लोगों ने इस अनोखे नज़ारे को अपने कैमरों में कैद करते हुए भरपूर आनंद लिया। गौरतलब है कि यह कार्यक्रम हर साल सेंट पैट्रिक दिवस के अवसर पर आयोजित किया जाता है और अब यह सैलानियों के लिए एक बड़ा आकर्षण बन चुका है।

अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें



 


ताज़ा खबर

Copyright @ 2026 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.