- SHARE
-
वैंकूवर, (मलकीत सिंह)। कनाडा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां जन्म के कुछ समय बाद नवजात बच्चे को खतरनाक जंगल वाले इलाके में छोड़ने के आरोप में पंजाबी मूल के एक दंपति को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस घटना ने स्थानीय समुदाय में चिंता और सदमे का माहौल पैदा कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मामले का खुलासा उस समय हुआ जब बच्चे को जन्म देने के बाद महिला की तबीयत अचानक बिगड़ गई और उसे गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के दौरान पाया कि महिला ने हाल ही में बच्चे को जन्म दिया है, लेकिन बच्चा उसके साथ नहीं था। इसके बाद डॉक्टरों को शक हुआ और पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने जांच शुरू करते हुए इलाके में तलाशी अभियान चलाया। जांच के दौरान नवजात बच्चे का शव जंगल वाले इलाके से बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने मामले से संबंधित पंजाबी दंपति को हिरासत में ले लिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच जारी है और घटना के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है। महिला इस समय अस्पताल में उपचाराधीन है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। इस घटना के बाद पंजाबी समुदाय में भी गहरा दुख और हैरानी जताई जा रही है।