ब्रैम्पटन में धूमधाम से मनाया ‘रंगीलो राजस्थान’ होली महाेत्सव

Hanuman | Tuesday, 10 Mar 2026 12:30:16 PM
The 'Rangilo Rajasthan' Holi festival was celebrated with great enthusiasm in Brampton

राजस्थानी समुदाय के साथ-साथ अन्य भारतीय समुदायों के लोगों ने भी की शिरकत

वैंकूवर (मलकीत सिंह)। कनाडा में बसे राजस्थानी समुदाय द्वारा रंगों का त्योहार होली इस वर्ष भी बड़े उत्साह, आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक गरिमा के साथ मनाया गया। राजस्थान एसोसिएशन ऑफ नॉर्थ अमेरिका (राणा कनाडा) के सहयोग से आयोजित ‘रंगीलो राजस्थान – ए राणा होली’ कार्यक्रम ब्रैम्पटन स्थित भारत माता मंदिर में भव्य रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत में सभी सदस्यों ने एक साथ बैठकर टीम इंडिया का मैच देखा। मैच के दौरान पूरे हॉल में जबरदस्त उत्साह का माहौल बना रहा। टीम इंडिया के शानदार प्रदर्शन के लिए सभी ने टीम को दिल से बधाई दी और ट्रॉफी जीतने पर खुशी व्यक्त की।

इसके बाद होली का कार्यक्रम शुरू हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में राजस्थानी समुदाय के साथ-साथ अन्य भारतीय समुदायों के लोगों ने भी भाग लिया। लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर रंगों के साथ होली खेली और प्रेम, भाईचारे और खुशियों के माहौल में त्योहार मनाया। वातावरण इतना रंगीन था कि विदेश में रहते हुए भी भारत के किसी मेले जैसा दृश्य महसूस हुआ।

राणा कनाडा के निदेशक रवि गोदारा ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य कनाडा में राजस्थानी संस्कृति और परंपराओं को जीवित रखना और समुदाय को एक मंच पर जोड़ना है। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी सदस्यों और स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के दौरान राजस्थानी संस्कृति की झलक, संगीत, डीजे और लगातार नृत्य-संगीत का भी आयोजन किया गया। साथ ही उपस्थित लोगों के लिए स्वादिष्ट भारतीय भोजन की व्यवस्था की गई, जिसका सभी ने भरपूर आनंद लिया।

पूरा वातावरण रंगों, संगीत और खुशियों से सराबोर रहा। इस सफल आयोजन ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि ‘रंगीलो राजस्थान’ कनाडा में राजस्थानी संस्कृति और परंपराओं को जीवंत बनाए रखने का एक महत्वपूर्ण मंच बन चुका है।

अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें



 


ताज़ा खबर

Copyright @ 2026 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.