नेत्रहीन पर्वतारोही  के लिए टोरंटो यूनिवर्सिटी ने तैयार की खास तकनीक वाली जैकेट

Hanuman | Wednesday, 27 May 2026 09:46:44 AM
The University of Toronto has developed a high-tech jacket for visually impaired mountaineers

वैंकूवर(मलकीत सिंह)। माउंट एवरेस्ट फतह करने की तैयारी कर रही नेत्रहीन और सुनने की शक्ति से असमर्थ साहसी पर्वतारोही कैरोलिना पाकेनाइते की मदद के लिए कनाडा की टोरंटो यूनिवर्सिटी द्वारा नई तकनीक से लैस एक खास जैकेट तैयार की गई है। यह जैकेट पहाड़ चढ़ाई के दौरान उसे रास्ते और दिशा संबंधी संकेत देने में मदद करेगी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार लिथुआनिया देश से संबंध रखने वाली कैरोलिना पाकेनाइते जन्म से सुन नहीं सकतीं, जबकि बाद में उनकी दृष्टि भी काफी कम हो गई। इन सभी चुनौतियों के बावजूद उन्होंने दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट पर चढ़ने का सपना पूरा करने का संकल्प लिया हुआ है।

टोरंटो यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं द्वारा तैयार की गई यह विशेष जैकेट शरीर पर कंपन के जरिए संकेत देगी। इसके माध्यम से पर्वतारोही को आगे बढ़ने, रुकने, बाएं या दाएं मुड़ने जैसे संकेत महसूस होंगे। एवरेस्ट जैसी कठिन चढ़ाई के दौरान यह तकनीक उसके लिए काफी सहायक साबित हो सकती है।

कैरोलिना पहले भी एवरेस्ट बेस कैंप तक पहुंच चुकी हैं और अब वह चोटी तक पहुंचने की तैयारी कर रही हैं। उनका कहना है कि उनकी यह मुहिम दुनिया भर के दिव्यांग लोगों के लिए प्रेरणा बन सकती है। अगर वह अपनी इस मुहिम में सफल रहती हैं तो वह माउंट एवरेस्ट फतह करने वाली दुनिया की पहली नेत्रहीन और बधिर महिला बन सकती हैं।
 



 


ताज़ा खबर

Copyright @ 2026 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.