- SHARE
-
खेल डेस्क। वैभव सूर्यवंशी (93 रन) और ध्रुव जुरेल (नाबाद 53 रन) की शानदार पारियों के दम पर आईपीएल 2026 के 64वें मैच में राजस्थान रॉयल्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 7 विकेट से हराया। इस मैच में 15 साल की उम्र में वैभव सूर्यवंशी ने इतिहास रचते हुए आईपीएल के इस सीजन में 500 रन पूरे कर लिए। इसके साथ ही वह किसी भी टी20 टूर्नामेंट में 500 रन बनाने वाले विश्व के सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं।
जयपुर में खेले गए मुकाबले में वैभव को ये बड़ी उपलब्धि हासिल करने के लिए केवल 14 रन की जरूरत थी और उन्होंने यह उपलब्धि 14 गेंदों में हासिल कर ली। इस ऐतिहासिक प्रदर्शन के साथ उन्होंने विकेटकीपर ऋषभ पंत का रिकॉर्ड भी ध्वस्त कर दिया। इससे पहले सबसे कम उम्र में आईपीएल सीजन में 500 रन बनाने का रिकॉर्ड उन्हीं के नाम दर्ज था। ऋषभ पंत ने 2018 में यह उपलब्धि हासिल की थी।
ऐसा करने वाले पहले भारतीय बने
वहीं मैच में वैभव सूर्यवंशी आईपीएल के एक संस्करण में 50 छक्के लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज भी बन गए हैं। मैच से पहले वैभव के आईपीएल के इस संस्करण में 43 छक्के थे। लखनऊ के खिलाफ 7 छक्के लगाते ही उन्होंने अपने नाम ये भरतीय रिकॉर्ड दर्ज करवा लिया। वैभव ने अपनी पारी में 10 छक्के जड़े। इस तरह उनके नाम एक आईपीएल सीजन में 53 छक्के हो गए हैं।
अब गेल का रिकॉर्ड तोड़ने का होगा मौका
एक आईपीएल सीजन में ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में वैभव ने आंद्रे रसेल को पीछे छोड़ दिया है। अब उनके पास वेस्टइंडीज के पूर्व महान बल्लेबाज क्रिस गेल का कीर्तिमान तोड़ने का शानदार मौका है। गेल के नाम एक आईपीएल सीजन में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने का कीर्तिमान दर्ज है। उन्होंने एक आईपीएल सीजन में 59 छक्के लगाए थे।
PC: espncricinfo
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें