- SHARE
-
इंटरनेट डेस्क। भारतीय जनता पार्टी को आज 45 साल के नितिन नबीन के रूप में नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिलने वाला है। वह आज आधिकारिक रूप से भाजपा के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष बन जाएंगे। इस संबंध में सोमवार को नामांकन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई दिग्गज प्रस्तावक बने थे।
खबरों के अनुसार, आज सुबह 11:30 बजे नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा की मौजूदगी में नितिन नबीन के नाम की आधिकारिक घोषणा की जाएगी। आज दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय (6, दीनदयाल उपाध्याय मार्ग) देश के दिग्गज नेताओं की मौजूदगी रहेगी।
कार्यक्रम सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक होगा। इसके लिए पीएम मोदी 11:30 बजे मुख्यालय पहुंचेंगे। इसके बाद राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी के. लक्ष्मण औपचारिक रूप से नितिन नबीन के निर्वाचन का ऐलान करेंगे। आपको बता दें कि नितिन नबीन के पक्ष में कुल 37 सेट नामांकन पत्र दाखिल किए गए हैं।
ये दिग्गज बनेंगे गवाह
आज होने वाले इस कार्यक्रम के गवाह पीएम मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, पीयूष गोयल सहित कई केन्द्रीय मंत्री होंगे। वहीं राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल सहित प्रदेश के कई मुख्यमंत्री भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। इसमें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ,मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णु देव साय शामिल है।
PC: tv9hindi
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें