BJP leader सोनाली फोगाट का दिल का दौरा पड़ने से गोवा में निधन

Samachar Jagat | Tuesday, 23 Aug 2022 01:47:44 PM
BJP leader Sonali Phogat dies of heart attack in Goa

पणजी/चंडीगढ़ | हरियाणा के हिसार जिले से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेता एवं अभिनेत्री सोनाली फोगाट का दिल का दौरा पड़ने से गोवा में निधन हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। फोगाट 42 वर्ष की थीं। वह अपने कुछ कर्मचारियों के साथ गोवा के दौरे पर थीं। कभी 'टिकटॉक’ एप पर वीडियो बनाने के लिए मशहूर फोगाट रिएलटी शो 'बिग बॉस’ में भी नजर आईं थीं। सूत्रों ने बताया कि बेचैनी की शिकायत के बाद सोमवार की रात उन्हें उत्तरी गोवा जिले के अंजुना स्थित सेंट एंथनी अस्पताल ले जाया गया। पुलिस उपाधीक्षक (मापुसा) जीवबा दलवी ने बताया कि अस्पताल लाने से पहले उनकी मौत हो चुकी थी। उन्होंने कहा, '' प्रथम दृष्टया पता चला है कि मौत का कारण दिल का दौरा पड़ना है, लेकिन अन्य चिकित्सकीय जांच जारी है।’’

अधिकारी ने बताया कि पोस्टमॉर्टम बंबोलिम में सरकारी गोवा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में किया जाएगा। भाजपा की हरियाणा इकाई के प्रमुख ओ.पी. धनखड़ ने 'पीटीआई-भाषा’ से कहा, '' उनका निधन हो गया है। मुझे बताया गया है कि वह गोवा में थीं।’’ भाजपा के हिसार जिले के अध्यक्ष कैप्टन भूपेंद्र ने कहा, '' सोनाली जी गोवा में थीं। मैंने उनके सहायक से बात की है और उन्होंने बताया कि दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया है।’’'टिकटॉक’ एप पर वीडियो बनाने के लिए मशहूर फोगाट ने 2019 में कुलदीप बिश्नोई के खिलाफ आदमपुर विधानसभा क्षेत्र से विधानसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन वह जीत दर्ज नहीं कर पाई थीं।

बिश्नोई तब कांग्रेस  में थे। हाल ही में वह भाजपा में शामिल हो गए।हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला, भाजपा नेता कुलदीप बिश्नोई ने ट्वीट कर उनके निधन पर शोक व्यक्त किया।बिश्नोई ने कुछ दिन पहले ही फोगाट से हिसार में मुलाकात की थी। फोगाट सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय थीं और उन्होंने बिश्नोई के साथ मुलाकात की तस्वीरें भी साझा की थीं।फोगाट ने कुछ दिन पहले हिसार में जन्माष्टमी के एक कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया था। उनके पति का कुछ साल पहले निधन हो गया था।



 

यहां क्लिक करें : हर पल अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, समाचार जगत मोबाइल एप। हिन्दी चटपटी एवं रोचक खबरों से जुड़े और अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें!

loading...
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.