- SHARE
-
इंटरनेट डेस्क। गृहमंत्री अमित शाह आज 3 महीने के अंदर दूसरी बार राजस्थान आ रहे हैं। शाह के इस दौरे को लेकर प्रदेश में अटकलों का बाजार भी गर्म हो चुका है। प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार के साथ ही कई प्रकार के कयास लगने शुरू हो चुके हैं। शाह के इस दौरे को राजस्थान के सत्ता संगठन फीडबैक के साथ-साथ कानून व्यवस्था के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है।
अमित शाह का जोधपुर में सामाजिक कार्यक्रम और जयपुर में पुलिस डिपार्टमेंट के राज्य स्तरीय आयोजन में हिस्सा लेने का कार्यक्रम है। खबरों के अनुसार, शाह आज रात 10 बजकर 25 मिनट पर जोधपुर एयरफोर्स स्टेशन पहुंचेंगे। वह यहां 10.40 बजे बीएसएफ कैंप स्थित ऑफिसर्स मेस पहुंचेंगे, जहां वे रात्रि विश्राम करेंगे। शनिवार को शाह सुबह 11 बजकर 25 मिनट पर बीएसएफ कैंप से रवाना होकर जोधपुर के पोलिटेक्निक कॉलेज मैदान में आयोजित स्थानीय कार्यक्रम में वे भाग लेंगे। ये कार्यक्रम माहेश्वरी समाज के महाधिवेशन और ग्लोबल एक्सपो से जुड़ा है।
जोधपुर कार्यक्रम के समापन के बाद अमित शाह 2 बजकर 20 मिनट पर राजधानी जयपुर के लिए रवाना होंगे। वह दोपहर 3 बजे गुलाबी नगर में राजस्थान पुलिस अकादमी में राज्य स्तरीय नियुक्ति समारोह में हिस्सा लेंगे। यहां पर हाल ही में चयनित 10 हजार पुलिस कांस्टेबलों को नियुक्ति पत्र बांटे जाएंगे। प्रदेश में पहली बार होगा देश के गृहमंत्री कांस्टेबलों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे।
सीएम भजनलाल सहित ये दिग्गज नेता भी रहेंगे कार्यक्रम में मौजूद
कार्यक्रम में सीएम भजनलाल शर्मा, गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढम, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन राठौड़, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, पुलिस महानिदेशक राजीव शर्मा सहित कई वरिष्ठ मंत्री और अधिकारी भी शामिल रहेंगे।
PC: aajtak
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें