भाजपा आरक्षण खत्म करो गैंग का अड्डा है और नरेंद्र मोदी उसके सरगना: Rahul Gandhi

Samachar Jagat | Monday, 29 Apr 2024 09:15:00 AM
Rahul Gandhi targeted PM Modi regarding reservation

इंटरनेट डेस्क। देश में तीसरे चरण का मतदान होने से पहले एक बार फिर से कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने आरक्षण को लेकर भाजपा और पीएम मोदी पर निशाना साधा है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर इस संबंध में अपनी बात कही है। उन्होंने ट्वीट किया कि भारतीय जनता पार्टी आरक्षण खत्म करो गैंग का अड्डा है और नरेंद्र मोदी उसके सरगना। वहीं उन्होंने एक अन्य ट्वीट में लिखा कि बीजेडी और बीजेपी की शादी हो रखी है! दोनों ने मिल कर जनता को सिर्फ चूना लगाया है और खिलाया है पान। 

संविधान बदल कर देश का लोकतंत्र तबाह कर देना है भाजपा का उद्देश्य
इससे पहले राहुल गांधी ने ट्वीट कर देश के संविधान और आरक्षण को लेकर बड़ी बात कही थी। राहुल गांधी ने ट्वीट किया था कि भाजपा नेताओं और नरेंद्र मोदी के करीबियों के बयानों से अब साफ हो गया है कि उनका उद्देश्य है। संविधान बदल कर देश का लोकतंत्र तबाह कर देना। दलितों, पिछड़ों, आदिवासियों का आरक्षण छीन कर देश चलाने में उनकी भागीदारी खत्म करना, लेकिन संविधान और आरक्षण की रक्षा के लिए कांग्रेस चट्टान की तरह भाजपा की राह में खड़ी है। जब तक कांग्रेस है  वंचितों से उनका आरक्षण दुनिया की कोई ताकत नहीं छीन सकती।

सात मई को होगा तीसरे चरण का मतदान
गौरतलब है कि देश में अभी तक दो चरणों में 190 सीटों पर मतदान हुआ है। पहले चरण में 102 और दूसरे चरण में 88 लोकसभा सीटों पर मतदान हो चुका है। देश में लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण का मतदान सात मई को होगा। तीसरे चरण में देश के 12 राज्यों की 94 सीटों पर मतदान होना है।
PC: livehindustan 
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें



 


Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.