- SHARE
-
जयपुर। केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह आज एक बार फिर से जयपुर अपने वाले हैं। वह आज जयपुर एग्जीबिशन एवं कन्वेंशन सेंटर (जेईसीसी) में नवीन आपराधिक कानूनों पर आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का आज उद्घाटन करेंगे। ये प्रदर्शनी 13 अक्टूबर से 18 अक्टूबर तक आयोजित होगी। शाह आज प्रदेश के लोगों को कई बड़ी सौगातें भी देंगे।
देश में 1 जुलाई 2024 से लागू हुए भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता तथा भारतीय साक्ष्य अधिनियम के एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जेईसीसी, सीतापुरा में छह दिवसीय राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। प्रदर्शनी के उद्घाटन समारोह में भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के साथ ही मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और कार्यवाहक मुख्य न्यायाधिपति, राजस्थान उच्च न्यायालय संजीव प्रकाश शर्मा सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहेंगे।
इस अवसर पर केन्द्रीय गृहमंत्री शाह राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट 2024 के तहत प्राप्त निवेश प्रस्तावों में से 4 लाख करोड़ रुपए के एमओयू की ग्राउण्ड ब्रेकिंग तथा लगभग 9 हजार 300 करोड़ रुपए से अधिक के विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण भी करेंगे। इसके साथ ही, प्रदेश के विद्यार्थियों को यूनिफॉर्म के लिए 260 करोड़ एवं दुग्ध उत्पादकों को दूध सब्सिडी के 364 करोड़ रुपए की राशि का हस्तान्तरण भी किया जाएगा। कार्यक्रम में 150 यूनिट मुफ्त बिजली योजना के तहत रजिस्ट्रेशन का शुभारम्भ तथा एफ.एस.एल. हेतु वाहनों और महिला सुरक्षा सम्बन्धी पेट्रोलिंग की स्कूटियों एवं मोटरसाइकिलों का फ्लैग ऑफ भी किया जाएगा।
सीएम भजनलाल ने दिए ये निर्देश
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को आयोजन स्थल पर नए आपराधिक कानूनों के प्रावधानों एवं प्रदेश में इनकी प्रगति को दर्शाने वाली विभिन्न गतिविधियों की तैयारियों का विस्तृत अवलोकन किया। इसके बाद उन्होंने सभा स्थल पर व्यवस्थाओं की जानकारी ली और अधिकारियों को बैठक, पेयजल, पार्किंग सहित अन्य जरूरी सुविधाओं के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
PC: aajtak
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें