- SHARE
-
जयपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर आज मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एक बड़ा कदम उठाने वाले हैं। सीएम भजनलाल शर्मा आज आमजन के हित में जयपुर से ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों का शुभारम्भ करेंगे। सीएम मालवीय नगर के सामुदायिक केन्द्र से शहरी सेवा शिविर तथा बस्सी से ग्रामीण सेवा शिविर की शुरूआत करेंगे। इन शिविरों के माध्यम से आमजन को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा तथा उनके प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण भी किया जाएगा। इन शिविरों से विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और अंत्योदय की संकल्पना धरातल पर मूर्तरूप लेगी।
मुख्यमंत्री शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक प्रदेशभर में शहरी सेवा शिविरों का आयोजन कर आमजन को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित करने के साथ ही आकर्षक रियायतें भी देगी। नगरीय विकास एवं आवासन विभाग की अधिसूचना के अनुसार इन शिविरों में पिछले वर्षों की बकाया लीज राशि वर्ष 2025-26 तक एकमुश्त जमा कराने पर ब्याज में 100 प्रतिशत छूट के साथ ही अन्य आकर्षक छूट दी जाएगी।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा प्रदेशभर की ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों के माध्यम से आमजन को राहत पहुंचाने के लिए आज से ही ग्रामीण सेवा शिविर का शुभारंभ करेंगे। इस दौरान गांव-गांव में साफ-सफाई, आधारभूत सुविधाओं का विस्तार और आमजन को योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
गुरूवार, शुक्रवार और शनिवार को आयोजित होंगे शिविर
इन ग्रामीण सेवा शिविरों का आयोजन प्रत्येक पंचायत समिति में सप्ताह के प्रत्येक गुरूवार, शुक्रवार और शनिवार को 2 ग्राम पंचायतों में किया जाएगा। प्रत्येक पंचायत समिति की प्रत्येक ग्राम पंचायत में शिविर का आयोजन होने तक अभियान जारी रहेगा। शिविरों में नागरिकों को विभिन्न प्रकार की सेवाएं एवं सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध करवाई जाएंगी।
PC: dipr.rajasthan
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें