Rajasthan: होली के त्योहार से पहले आमजन को राहत, निजी बस ऑपरेटरों की हड़ताल समाप्त, बसों का संचालन शुरू

Hanuman | Friday, 27 Feb 2026 08:37:34 AM
Rajasthan: Relief for common people before Holi festival, strike of private bus operators ends, buses start operating

जयपुर। रंगों के त्योहार होली से पहले प्रदेशवासियों के लिए अच्छी खबर है। खबर ये है कि प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से चल रही निजी बस ऑपरेटरों की हड़ताल आखिरकार गुरुवार देर रात खत्म हो गई। इसके बाद गुरुवार रात से ही बसों का संचालन शुरू हो गया है। इस हड़ताल के समाप्त होने के बाद आमजन ने राहत की सांस ली है।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशों की अनुपालना में परिवहन मुख्यालय में निजी बस ऑपरेटरों की हड़ताल को लेकर महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें राज्य सरकार एवं निजी बस ऑपरेटरों के मध्य सकारात्मक वार्ता के पश्चात हड़ताल समाप्त करने की घोषणा हुई।  

प्रशासन की समझाइश एवं सकारात्मक बातचीत के बाद एसोसिएशन अध्यक्ष ने बताया कि कुछ प्रमुख मांगों पर तत्काल सहमति बनी है, जबकि अन्य मांगें भी आवश्यकता एवं प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित की जाएंगी।  राज्य सरकार एवं प्रशासन की पहल पर समाप्त हुई निजी बस ऑपरेटरों की हड़ताल से प्रदेश में गुरूवार रात से 35 हजार निजी बसों का फिर से संचालन शुरू गया है, जिससे रंगों के त्योहार होली से पहले यात्रियों को राहत मिली है।

बैठक में शामिल हुए ये अधिकारी
 इस बैठक में जयपुर कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी, परिवहन आयुक्त पुरुषोत्तम शर्मा, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त राजीव पचार, यातायात पुलिस उपायुक्त सुमित मेहरड़ा एवं ऑल राजस्थान कॉन्ट्रैक्ट कैरिज बस ऑपरेटर एसोसिएशन के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। खबरों के अनुसार, जयपुर कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी के साथ हुई इस अहम बैठक में कुछ मांगों पर सहमति बनी है। वहीं बाकी मांगों को विधानसभा सत्र के बाद पूरा करने के आश्वासन दिया गया है।

PC: patrika
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें 



 


ताज़ा खबर

Copyright @ 2026 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.