- SHARE
-
खेल डेस्क। स्पिन गेंदबाज मानव सुथार की घातक गेंदबाजी के दम पर भारत ने गॉल में खेले गए पहले टेस्ट मैच में मेजबान श्रीलंका को 165 रनों से हराया। इस जीत के साथ ही शुभमन गिल की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने 2 मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली।
श्रीलंकाई टीम 372 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए दूसरी पारी में 206 रनों पर ढेर हो गई। मानव सुथार ने अपनी शानदार गेंदबाजी के दम पर इतिहास भी रच दिया है। राजस्थान के स्पिन गेंदबाज मानव सुथार भारत के लिए अपने पहले घरेलू और पहले विदेशी टेस्ट दोनों में पांच विकेट लेने वाले पहले स्पिनर और ओवरऑल दूसरे गेंदबाज बन गए हैं। 24 साल के इस स्पिनर ने 6 जून 2026 को अफगानिस्तान के खिलाफ मुल्लांपुर में टेस्ट डेब्यू की पहली पारी में उन्होंने 6 विकेट झटकते हुए शानदार आगाज किया।
इसके बाद श्रीलंका के खिलाफ गॉल में खेले गए अपने पहले विदेशी टेस्ट में भी सुथार ने गेंद से कहर बरपाया। उन्होंने इस मैच की पहली पारी में 21.4 ओवर में 76 रन देकर चार विकेट हासिल किए। वहीं दूसरी पारी में उन्होंने केवल 55 रन देकर श्रीलंका के 6 बल्लेबाजों को पवेलियन भेज दिया। इस तरह मैच में उनके नाम कुल 10 विकेट रहे।
मोहम्मद निसार ने पहली बार किया था ऐसा
इससे पहले भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद निसार ने 1932-33 में ऐसा किया था। निसार ने 25 जून 1932 को लॉर्ड्स में इंग्लैंड के खिलाफ अपने पहले टेस्ट में पहली पारी में 93 रन देकर पांच विकेट लिए थे। इसके बाद भारत में खेले अपने पहले टेस्ट में भी उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ पांच विकेट हासिल किए थे।
PC:cricinfo
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें