महाशिवरात्रि के अवसर पर लक्ष्मी नारायण मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

Hanuman | Wednesday, 18 Feb 2026 02:20:12 PM
Crowds of devotees gathered at the Laxmi Narayan Temple on the occasion of Mahashivratri

हजारों भक्तों ने टेका माथा, दर्शन के लिए लगीं लंबी कतारें

वैंकूवर (मलकीत सिंह)। महाशिवरात्रि का पावन पर्व सरे शहर स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर में अत्यंत श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सुबह से देर रात तक हजारों श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर भगवान शिव के दर्शन करते रहे।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण मंदिर के भीतर दर्शन के लिए लंबी कतारें लगी रहीं। कई भक्तों को घंटों तक अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। देर रात तक श्रद्धालुओं का आवागमन जारी रहा, जिससे मंदिर परिसर में विशेष रौनक बनी रही।

महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर “बम बम भोले” के जयकारों और भजन मंडलियों के मधुर भजनों से संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो गया। पूरा परिसर भगवान शिव की भक्ति में रंगा हुआ नजर आया। मंदिर प्रबंधन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भंडारे की विशेष व्यवस्था की गई थी। यहां विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजन परोसे गए। सेवेदार पूरी निष्ठा और समर्पण भाव से श्रद्धालुओं की सेवा करते दिखाई दिए।

इस अवसर पर अन्य धार्मिक व सामाजिक व्यक्तित्वों के साथ-साथ सरे की मेयर ब्रेंडा लॉक, विधायक मनदीप धालीवाल और काउंसलर लिंडा एनिस ने भी विशेष रूप से उपस्थिति दर्ज कराई।मंदिर की प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सतीश कुमार और विनय शर्मा द्वारा सभी अतिथियों एवं गणमान्य व्यक्तियों को सम्मानित किया गया।

महाशिवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति ने यह प्रमाणित किया कि विदेशों में भी भारतीय संस्कृति और परंपराओं को पूरी श्रद्धा के साथ निभाया जा रहा है। इस अवसर पर यासीन वाहला, राज अली, सैफ बलराम बल्ली और कानूनी सलाहकार रेलिशनूर रंधावा भी उपस्थित रहे। 



 


ताज़ा खबर

Copyright @ 2026 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.