- SHARE
-
जयपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने एक बार फिर से आरएसएस को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने आज एक्स के माध्यम से कहा कि राजस्थान में पर्दे के पीछे सत्ता में बैठे आरएसएस द्वारा "संघ समर्पित व्यवस्था" खड़ी करने की ख़तरनाक साज़िश की जा रही है।
विशेष तौर पर शिक्षा तंत्र में संघ की शाखाएं और विचारधारा के कार्यक्रम चलाने की निरंतर कोशिश की जा रही है। स्कूल-कॉलेज हो या सरकारी दफ्तर हर जगह खुलेआम संविधान की भावना को कुचलकर आरएसएस के एजेंडे चलाए जा रहे हैं।
उदयपुर स्थित शिक्षा विभाग के सरकारी कार्यालय में सरकारी कर्मचारियों द्वारा आरएसएस की प्रार्थना करना न सिर्फ संवैधानिक व्यवस्था एवं प्रशासनिक निष्पक्षता पर गंभीर सवाल है, बल्कि वैचारिक कब्ज़े की खतरनाक पटकथा है।
कभी विश्वविद्यालयों में आरएसएस के शस्त्र पूजन कार्यक्रम हो रहे हैं, कभी कॉलेज परिसर में संघ के पोस्टर लगाए जाते हैं, तो कभी स्कूलों में शाखाएं चलाई जा रही हैं। क्या सरकारी दफ्तर और स्कूल अब संविधान से नहीं, किसी संघ के एजेंडों से चलेंगे?
डोटासरा ने कहा कि ये लोकतंत्र और संविधान की आत्मा पर सीधा हमला है। समाज और सिस्टम में घोले जा रहे नफ़रत के इस ज़हर को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकार तत्काल निष्पक्ष जांच कराए एवं संबंधित अधिकारियों पर नियमों के तहत कार्रवाई सुनिश्चित करें।
PC: rontline.thehindu
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें