- SHARE
-
जयपुर। नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने अब प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने आज एक्स के माध्यम से कहा कि कोटपूतली के अजीतपुरा-कुजोता क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ आवाज उठाने वाले ग्रामीणों पर खनन माफियाओं द्वारा की गई कथित ताबड़तोड़ फायरिंग केवल एक आपराधिक घटना नहीं, बल्कि कानून व्यवस्था को खुली चुनौती है।
जब ग्रामीण अपने जल, जंगल, जमीन और पर्यावरण की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक तरीके से धरने पर बैठे थे, तब उन पर गोलियां चलना बेहद शर्मनाक और भयावह है। यह घटना बताती है कि अवैध खनन में लिप्त तत्वों के हौसले कितने बुलंद हो चुके हैं और आम नागरिक स्वयं को कितना असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
इस प्रकार की घटना सत्ता में बैठे लोगो के संरक्षण के बिना असम्भव है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि ग्रामीणों को अपने ही क्षेत्र में सुरक्षा नहीं मिल सकती, तो कानून का डर आखिर किसे है ? क्या खनन माफियाओं के सामने सरकार और पुलिस का खौफ खत्म हो चुका है? राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन को इस घटना को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी करनी चाहिए, अवैध खनन के पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करना चाहिए तथा यह सुनिश्चित करना चाहिए कि भविष्य में कोई भी माफिया कानून को अपने हाथ में लेने की हिम्मत न कर सके।
यदि आज ऐसी घटनाओं पर कठोर कार्रवाई नहीं हुई तो यह केवल अजीतपुरा-कुजोता का नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश की कानून व्यवस्था के लिए खतरे की घंटी साबित होगा। मैं राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से पूछना चाहता हूं कि खनन माफिया निर्दोष ग्रामीणों पर ताबड़तोड़ फायरिंग करके चले गए,आखिरकार ऐसे माफियाओं के खिलाफ आप कब कार्यवाही करोगे? इस प्रकार की घटना राजस्थान में जंगलराज होने का प्रमाण है। इस फायरिंग की घटना में घायल हुए नागरिकों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।
PC: channel4newsindia
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें