- SHARE
-
जयपुर। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जोधपुर में अपराध को लेकर प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। पूर्व सीएम गहलोत ने इस संबंध में एक्स के माध्यम से कहा कि यह बेहद चिंताजनक है कि भाजपा सरकार में मारवाड़ की शांतिप्रिय धरा जोधपुर अब अपराधियों की शरणस्थली बनती जा रही है।
कभी बसों में लूट, कभी गैंगवार और अब प्रतापनगर के हुडको क्वार्टर में दिनदहाड़े फायरिंग, ये घटनाएं दर्शाती हैं कि प्रदेश में कानून का इकबाल पूरी तरह खत्म हो चुका है। जिस जोधपुर को हम अपनायत का शहर कहते हैं, वहां आज अवैध हथियारों से सरेआम गोलियां चल रही हैं।
गहलोत ने कहा कि भाजपा सरकार केवल 'जीरो टॉलरेंस' के दावे कर रही है, लेकिन धरातल पर पुलिस प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। आमजन खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। सरकार को चाहिए कि कुंभकर्णी नींद से जागे और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई करे, अन्यथा यह 'जंगलराज' प्रदेश की छवि को पूरे देश में और धूमिल कर देगा।
PC: aajtak
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें