- SHARE
-
जयपुर। अंतरराष्ट्रीय टेक्सटाइल कोच एवं लेखक अक्षय ठोलिया की नई पुस्तक “फैब्रिक इंटेलिजेंस” का लोकार्पण प्रख्यात शिक्षाविद् डॉ. एस. के. जैन, पूर्व कुलपति, श्री माता वैष्णो देवी विश्वविद्यालय एवं प्रोफेसर, आईआईटी नई दिल्ली के करकमलों द्वारा किया गया।
इस अवसर पर अक्षय ठोलिया ने बताया कि यह पुस्तक 100 वास्तविक फैब्रिक सैंपलों के साथ आती है। प्रत्येक सैंपल के लिए पुस्तक में तकनीकी जानकारी एवं सीखने संबंधी गतिविधियाँ दी गई हैं, जिन्हें पूरा करने के बाद संबंधित फैब्रिक सैंपल को पुस्तक में निर्धारित स्थान पर माउंट किया जाता है। उन्होंने कहा कि इस अनूठी अवधारणा का उद्देश्य पाठकों को केवल फैब्रिक्स के बारे में पढ़ाना नहीं, बल्कि उन्हें व्यवहारिक गतिविधियों के माध्यम से वास्तविक फैब्रिक की पहचान, समझ एवं विश्लेषण का अनुभव प्रदान करना है।
पुस्तक का लोकार्पण करते हुए डॉ. एस. के. जैन ने कहा कि “फैब्रिक इंटेलिजेंस” वस्त्र एवं परिधान उद्योग के लिए एक अत्यंत व्यवहारिक एवं उपयोगी पुस्तक है। उन्होंने इसे विद्यार्थियों, शिक्षकों, उद्यमियों तथा वस्त्र उद्योग से जुड़े पेशेवरों के लिए ज्ञानवर्धक एवं उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप एक महत्वपूर्ण प्रयास बताया।
समारोह में प्रख्यात पब्लिक स्पीकर डॉ. सोनाली एन. ठोलिया, श्रीमती शशि सेन जैन, राष्ट्रीय अध्यक्ष, पारिवारिक समस्या निराकरण समिति, दिगंबर जैन इंटरनेशनल सोशल ग्रुप फेडरेशन, तथा श्रीमती आशिमा जैन भी उपस्थित रहीं। सभी अतिथियों ने पुस्तक को वस्त्र शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण एवं नवाचारी पहल बताते हुए लेखक को शुभकामनाएँ दीं।
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें