- SHARE
-
इंटरनेट डेस्क। पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होते ही राजस्थान में एक बार फिर से ठंड का प्रभाव बढ़ गया है। प्रदेश के कई जिलों के तापमान में गिरावट आने से लोगों को कड़ाके की ठंड का कहर झेलना पड़ रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को उत्तरी हवाओं के कारण राजधानी जयपुर, सीकर, पिलानी, चूरू समेत कई जिलों में तापमान में करीब 4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। वहीं शेखावाटी के इलाकों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे रिकॉर्ड हुआ है। मौसम विभाग की ओर से आगामी तीन-चार दिनों में प्रदेश के कई जिलों में ठंडी हवाएं चलने, कोहरा छाए रहने और आसमान में हल्के बादल छाए रहने का अलर्ट जारी किया गया है।
आगामी तीन से चार दिनों तक राज्य के ज़्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। बुधवार को सक्रिय हुए एक कमज़ोर वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव से उत्तर-पूर्वी हिस्से में एक सर्कुलेशन सिस्टम बनने से आज भी कुछ इलाकों में हल्के बादल छाए हुए हैं।
जयपुर सहित प्रदेश के प्रमुख जिलों में इतना रिकॉर्ड हुआ है न्यूनतम तापमान
मौसम विभाग की ओर से बुधवार को राजधानी जयपुर में 11.2 डिग्री, पिलानी में 8.8 डिग्री, सीकर में 7.2 डिग्री, कोटा में 13.4 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 11.8 डिग्री, बाड़मेर में 14.1 डिग्री, जैसलमेर में 12.3 डिग्री, जोधपुर में 12.9 डिग्री, माउंट आबू में 8.0 डिग्री, बीकानेर में 11.8 डिग्री, अजमेर में 10.6 डिग्री, भीलवाड़ा में 11.6 डिग्री, अलवर में 6.5 डिग्री, चूरू में 9.9 डिग्री, श्रीगंगानगर में 9.2 डिग्री, नागौर में 6.3 डिग्री, डूंगरपुर में 16.6, जालौर में 11.8 डिग्री, सिरोही में 9.4 डिग्री, करौली में 9.0 डिग्री, दौसा में 7.7 डिग्री और झुंझुनूं में 9.1 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया है।
PC: zeenews.india
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें