बिहार शरीफ। बिहार में नालंदा जिले के सरमेरा थाना क्षेत्र के वृंदावन गांव के निकट शनिवार को एक किसान की गला दबाकर हत्या कर दी गई। पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि जिले के चेरी गांव निवासी और किसान महेन्द्र ठाकुर (55) का भूमि के एक हिस्से को लेकर उपेन्द्र महतो के साथ विवाद चल रहा था।
महेन्द्र ठाकुर जब अपने खेत पर काम कर रहे थे तभी उपेन्द्र महतो वहां पहुंचा और दोनों के बीच विवाद हो गया। इसके बाद उपेन्द्र महतो ने महेन्द्र ठाकुर की गला दबाकर हत्या कर दी।
सूत्रों ने बताया कि घटना को अंजाम देने के बाद उपेन्द्र फरार हो गया। इस सिलसिले में संबंधित थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है ।