- SHARE
-
जयपुर। भजनलाल सरकार की ओर से 10 दिसंबर को दूसरा प्रवासी राजस्थानी दिवस आयोजित किया जाएगा। सीएम भजनलाल शर्मा ने 10 दिसंबर 2024 को राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट के दौरान हर वर्ष 10 दिसंबर को प्रवासी राजस्थानी दिवस के आयोजन की घोषणा की थी। इसी कड़ी में ये आयोयजन होगा।
मुख्यमंत्री भजनलाल ने रविवार को प्रवासी राजस्थानी दिवस के आयोजन के संबंध में आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर आगामी 10 दिसंबर को प्रस्तावित इस आयोजन के सभी पहलुओं की समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि चैप्टर्स के माध्यम से प्रवासी राजस्थानियों से निरंतर एवं सक्रिय संवाद स्थापित करें। साथ ही, प्रवासी राजस्थानियों की सुविधा के आधार पर नए चैप्टर्स का शीघ्र संचालन भी सुनिश्चित हो। उन्होंने कहा कि जिला कलक्टर्स के माध्यम से भी प्रवासी राजस्थानियों से निरंतर समन्वय स्थापित किया जाए, ताकि प्रवासियों का जुड़ाव और अधिक मजबूत हो सके।
सीएम ने कहा कि प्रवासी राजस्थानी दिवस के अवसर पर कार्यक्रम में विभिन्न विषयों पर आयोजित होने वाले सेक्टोरल सत्रों के सफल आयोजन के लिए सभी संबंधित विभाग तैयारियां समय पर पूरी करें। उन्होंने इससे पहले विभिन्न शहरों में आयोजित होने वाले रोड शो के प्रभावी ढंग से आयोजन के लिए भी निर्देश दिए।
प्रवासी राजस्थानियों के लिए विशेष कार्यक्रम शेखावाटी क्षेत्र में ही आयोजित किया जाए
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि इस उपलक्ष्य में शेखावाटी क्षेत्र के प्रवासी राजस्थानियों के लिए विशेष कार्यक्रम शेखावाटी क्षेत्र में ही आयोजित किया जाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने शेखावाटी क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 660 से अधिक ऐतिहासिक हवेलियों का चिन्हीकरण किया है। जिससे स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा मिल सके और प्रवासी अपनी विरासत से जुड़ सके।
PC: dipr.rajasthan
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें