भाजपा सरकार को गरीब और आम आदमी के बच्चों की जान की कोई परवाह नहीं है: Dotasra

Hanuman | Tuesday, 05 May 2026 04:04:21 PM
The BJP government has no regard for the lives of the children of the poor and the common man: Dotasra

जयपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने बांसवाड़ा के घाटोल में जर्जर स्कूल भवन में छत का प्लास्टर गिरने की घटना को लेकर भजनलाल सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने एक्स के माध्यम से कहा कि बांसवाड़ा के घाटोल में जर्जर स्कूल भवन में छत का प्लास्टर गिरने से 3 छात्राएं घायल हो गईं, प्रभु की कृपा रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ, घायल बच्चियों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।

लेकिन प्रदेश की भाजपा सरकार को गरीब और आम आदमी के बच्चों की जान की कोई परवाह नहीं है। राजस्थान में बार-बार ऐसे हादसे हो रहे हैं। जर्जर स्कूलों के कारण झालावाड़ में 7 और जैसलमेर में एक बच्चे की जान चली गई, बावजूद इसके भाजपा सरकार नींद में है।

हाईकोर्ट कई बार जर्जर स्कूल भवनों को लेकर सरकार को फटकार लगा चुका है। आज राजस्थान में 3700 से ज्यादा स्कूल भवन बेहद जर्जर हालत में हैं, हजारों भवनों को तत्काल मरम्मत की जरूरत है, करीब 21 हजार करोड़ की आवश्यकता बताई जा रही है, लेकिन स्कूल और शिक्षा तो भाजपा की प्राथमिकता में है ही नहीं। सरकार न पर्याप्त बजट दे रही है, न जर्जर भवनों की मरम्मत करवा रही है, और जहां मरम्मत हुई है वहां हादसों के रूप में भ्रष्टाचार का नमूना आपके सामने है।

मुख्यमंत्री भजनलाल  जी, थोड़ा सरकारी स्कूलों पर ध्यान दीजिए। अगर यही लापरवाही जारी रही, तो ये जर्जर दीवारें और छतें बच्चों के सपनों के साथ उनकी जिंदगी को जोखिम में डाल देगी।

PC: abplive
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें



 


ताज़ा खबर

Copyright @ 2026 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.