- SHARE
-
जयपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने अब गहलोत सरकार में शुरू हुई महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम स्कूलों शिक्षकों को लेकर प्रदेश की भजनलाल सरकार पर निशाना साधा है। डोटासरा ने इस संबंध में एक्स के माध्यम से कहा कि राजस्थान के वंचित, अभावग्रस्त , पिछड़े समेत हर वर्ग के हर बच्चे को उच्च गुणवत्ता वाली अंग्रेजी माध्यम की शिक्षा मिल सके, इसके लिए हमारी कांग्रेस सरकार के समय चरणबद्ध रूप से महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम स्कूलों की स्थापना की गई।
कांग्रेस सरकार ने इन विद्यालयों में अंग्रेजी शिक्षकों हेतु cadre विथ इन कैडर बना कर शिक्षकों की नियुक्ति की और 10,000 शिक्षकों का नया कैडर बना कर संविदा पर नियुक्ति दी गई एवं संभाग स्तर व निदेशालय स्तर पर प्रभावी प्रबोधन के लिए उप निदेशक स्तर के अधिकारियों के पद स्वीकृत कर नियुक्त किए गए।
बिना किसी राजनीतिक दबाव के पूरे राजस्थान में अंग्रेज़ी शिक्षा को सुदृढ़ बनाने के लिए 3737 महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम के स्कूल खोले गए और विषय विशेषज्ञों को तैनात किया गया, ताकि अंग्रेज़ी शिक्षकों की भर्ती होने पर मज़बूत और व्यवस्थित शैक्षणिक ढांचा पहले से तैयार मिले और शिक्षण व्यवस्था प्रभावी ढंग से संचालित हो सके। लेकिन प्रदेश का दुर्भाग्य है कि भाजपा सरकार के 2 साल बीतने के बाद भी इन विद्यालयों में अंग्रेजी माध्यम के शिक्षकों की भर्ती अभी तक नहीं की जा सकी है। 17 हजार से अधिक वो शिक्षक लगे हुए हैं जो हिन्दी माध्यम के हैं।
भाजपा सरकार क्षमता व आवश्यकता अनुसार शिक्षक नियुक्त करने में पूरी तरह विफल रही
डोटासरा ने कहा कि भाजपा सरकार हिंदी और अंग्रेजी दोनों माध्यम की स्कूलों में क्षमता व आवश्यकता अनुसार शिक्षक नियुक्त करने में पूरी तरह विफल रही है। शिक्षा विभाग में डेढ़ लाख से अधिक पद रिक्त पड़े हैं, लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है। भाजपा सरकार प्रदेश के बच्चों का भविष्य संवारने की बजाय सरकार अपनी मनमर्जी और हठधर्मिता से इन विद्यालयों को रिव्यू के जाल में फंसाकर सिर्फ और सिर्फ बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ कर रही है।
PC: X
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें