जयपुर / सवाई माधोपुर। रणथम्भौर टाईगर रिजर्व में एक बार फिर बाघों का कुनबा बढ़ा है। मुख्य वन संरक्षक वाईके साहू ने बताया कि बाघिन टी-39 ने तीन शावकों को जन्म दिया है।
मंगलवार को सुबह की पारी में रिजर्व के जोन-1 के सुल्तानपुर वन क्षेत्र के पास खारया चाटा पर शावकों को बाघिन के साथ पहली बार देखा गया। शावकों की उम्र 3-4 माह के बीच है। उल्लेखनीय है की बाघिन टी-39 ने चौथी बार शावकों को जन्म दिया है। पहली बार में एक नर शावक को जन्म दिया था, जिसे टी-72 ‘सुल्तान’ के नाम से जाना जाता है जो वर्तमान में कैलादेवी अभयारण्य में विचरण कर रहा है।
बाघिन ने दूसरी बार में दो नर शावक टी-88 ‘कलुआ’ और टी-89 ‘धौल्या’ को जन्म दिया था। उसके बाद बाघिन तीसरी बार भी मां बनी। शावकों की फोटो के आधार पर पुष्टि भी हुई थी, लेकिन शावक ज्यादा लम्बे समय तक जी नहीं पाए और अब चौथी बार में बाघिन टी-39 ने तीन शावकों को जन्म दिया है।
पिछले कुछ वर्षों में रणथम्भौर में बाघों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है।