Rajasthan Weather Update: प्रदेश में 6 डिग्री तक गिरा तापमान, इन जिलों के लिए जारी हुआ है भारी बारिश का अलर्ट

Hanuman | Tuesday, 31 Mar 2026 08:02:21 AM
Rajasthan Weather Update: Temperatures across the state have dropped by up to 6 degrees; a heavy rainfall alert has been issued for these districts

इंटरनेट डेस्क। सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राजस्थान का मौसम बदलाव के दौर से गुजर रहा है। इसी के प्रभाव से सोमवार को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, ओलावृष्टि और धूल भरी आंधी चली। वहीं, कोटा में दोपहर के दौरान ओलावृष्टि के साथ भारी बारिश का कहर भी लोगों को झेलना पड़ा है। बारिश और ओलावृष्टि के कारण सोमवार को प्रदेश में तापमान 6 डिग्री तक गिर गया। सोमवार को अजमेर, श्रीगंगानगर, बीकानेर, हनुमानगढ़, चूरू और नागौर जिलों में भी बारिश हुई है।

मौसम विभाग की ओर से आज भी कई जिलों में बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पश्चिमी राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों में एक चक्रवाती परिसंचरण प्रणाली विकसित होने के कारण शेखावाटी क्षेत्र के कुछ हिस्सों के साथ-साथ जयपुर, भरतपुर समेत कई संभागों के लिए मौसम विभाग की ओर से अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग ने आज के लिए राजधानी जयपुर, झुंझुनू, अलवर, भरतपुर, धौलपुर, बूंदी, झालावाड़, नागौर, पाली, अजमेर, जोधपुर, कोटा और बारां समेत आसपास के क्षेत्रों में आंधी-तूफान, भारी बारिश और तेज हवाओं का येलो अलर्ट जारी किया है।

3-5 अप्रैल के बीच सक्रिय होगा एक नया पश्चिमी विक्षोभ
मौसम विभाग की ओर से एक नया विक्षोभ सक्रिय होने की जानकारी दी गई।  3-5 अप्रैल के बीच एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे प्रदेश भर में बारिश और तूफान का नया दौर शुरू हो सकता है। यानी अप्रैल माह की शुरुआत में लोगों को बारिश देखने को मिलेगी। वहीं 1-2 अप्रैल को मौसम अधिकतर शुष्क रहने की उम्मीद है, हालांकि छिटपुट बूंदाबांदी या गरज के साथ बारिश भी देखने को मिल सकती है।

PC:  zeenews.india
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें



 


ताज़ा खबर

Copyright @ 2026 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.