- SHARE
-
खेल डेस्क। नंद्रे बर्गर, जोफ्रा आर्चर और रवीन्द्र जडेजा (2-2 विकेट) की घातक गेंदबाजी के बाद वैभव सूर्यवंशी (52 रन) की ताबड़तोड़ अर्धशतकीय पारी के दम पर आईपीएल 2026 के तीसरे मैच में राजस्थान रॉयल्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को 8 विकेट से शिकस्त दी। मैच में चेन्नई सुपर किंग्स पहले खेलते हुए केवल 127 रन ही बना सकी। जवाब में पहले संस्करण की चैम्पियन राजस्थान रॉयल्स ने दो विकेट गंवाकर 12.1 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया।
इस जीत के साथ ही रियान पराग की कप्तानी वाली राजस्थान रॉयल्स के नाम एक बड़ा रिकॉर्ड दर्ज हो गया है। ये राजस्थान रॉयल्स की सबसे ज्यादा गेंद शेष रहते हुए आईपीएल इतिहास की सबसे बड़ी जीत है। इस मैच में राजस्थान रॉयल्स ने 47 बॉल शेष रहते जीत दर्ज की। इससे पहले राजस्थान रॉयल्स ने साल 2014 में आरसीबी के खिलाफ 42 गेंद शेष रहते जीत दर्ज की थी।
वहीं राजस्थान रॉयल्स अब चेन्नई के खिलाफ सबसे ज्यादा मैच जीतने वाली टीमों की लिस्ट में पंजाब के साथ संयुक्त रूप से दूसरे नंबर आ गई है। दोनों ही टीमें ने पांच बार की आईपीएल विजेता चेन्नई को 16-16 बार हराया है। चेन्नई के खिलाफ सबसे ज्यादा मैच जीतने का रिकॉर्ड पांच बार की चैम्पियन मुंबई इंडियंस के नाम दर्ज है। एमआई ने सीएसके को 21 बार हराया है।
जायसवाल और सूर्यवंशी ने की 75 रन की साझेदारी
सोमवार को गुवाहटी में खेले गए मैच में राजस्थान रॉयल्स की ओर से यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी ने पहले विकेट के लिए 38 गेंदों में 75 रन की साझेदारी की। वैभव सूर्यवंशी केवल 15 गेंदों में अर्धशतक जड़ा। अपनी 17 गेंदों में 52 रन की पारी के दौरान उन्होंने 4 चौके और 5 छक्के लगाए। यशस्वी जायसवाल ने 36 गेंदों में नाबाद 38 रन बनाए।
PC: espncricinfo
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें